शामली। गांव बंतीखेड़ा में चल रही 42वीं राज्यस्तरीय सीनियर पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता के दूसरे दिन 15 मुकाबले हुए, जिनमें खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। आठ टीमों ने क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर ली है। इनके बीच रविवार को कड़े मुकाबले होंगे।
शनिवार को प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी ओपी वर्मा और अर्जुन अवार्डी संजीव बालियान रहे। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि खेलों से शारीरिक और मानसिक विकास होता है। खिलाड़ियों को चाहिए कि वे पूरी मेहनत से अपना और क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए शानदार प्रदर्शन करें।
जिला कबड्डी संघ के सचिव ओम सिंह ने बताया कि रविवार को बरेली-बिजनौर, शामली-पूर्वोत्तर रेलवे, बागपत-मुजफ्फरनगर और मेरठ गोरखपुर के बीच क्वार्टर फाइनल मुकाबले होंगे। फाइनल मुकाबले के बाद प्रतियोगिता का समापन हो जाएगा।
प्रतियोगिता में उम्दा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों में से ही यूपी कबड्डी टीम के खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। शनिवार के मैचों के दौरान सुरेश कुमार, सतेंद्र कुमार, अजय कुमार, धीरजपाल, कोपिंद्र सिंह, रविंद्र कुमार, गुलबहार और प्रेम चौरसिया ने रेफरी की भूमिका निभाई।
इस दौरान अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी पद्मवीर सिंह, यूपी कबड्डी कोच जितेंद्र उर्फ सरगम, शामली कबड्डी संघ के चेयरमैन रविंद्र कुमार कनियान, जिला पंचायत सदस्य अनिल कुमार टीनू ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।