शामली। आखिर ग्राम प्रधान- पंचायत चुनाव की अधिसूचना जारी हो गई। कलक्ट्रेट में डीएम ओपी वर्मा और सीडीओ विनोद कुमार सिंह पूरे दिन पंचायत चुनाव की तैयारी के संबंध में विचार किया। अधिसूचना जारी होने के बाद मौजूदा ग्रामप्रधान व्यवस्था बनाए रखने के अपने पद पर बने रहेंगे, मगर कोई भी नया निर्माण कार्य शुरू नहीं करा पाएंगे। किसी भी धनराशि का चेक और नगद भुगतान कर सकेंगे।
चुनाव आयोग ने ग्राम प्रधान- पंचायत सदस्यों का चुनाव कार्यक्रम तैयार करके शासन को भेजा था। आयोग द्वारा जारी चुनाव कार्यक्रम पर शासन ने अपनी सहमति दे दी थी। आखिर चुनाव आयोग ने प्रधान- पंचायत सदस्य के निर्वाचन कार्यक्रम जारी कर दिया है।
प्रधान - पंचायत सदस्य के चुनाव के लिए नामांकन भरने का कार्यक्रम 16 नवंबर से शुरू होगा। 27 नवंबर को प्रथम चरण का मतदान, दूसरे चरण का मतदान एक दिसंबर, तीसरे चरण का मतदान पांच दिसंबर और चतुर्थ चरण का मतदान 9 दिसंबर को होगा। 12 दिसंबर को मतगणना होगी।
नामांकन पत्र भरने की कार्रवाई 16, 19 21 और 27 नवंबर को होगी। सीडीओ ने बताया पंचायत चुनाव की अधिसूचना आयोग द्वारा जारी कर दी। मौजूदा प्रधान और पंचायत सदस्य व्यवस्था बनाए रखने में अपने पद पर जरूर बने रहेंगे। उन्होंने बताया चुनाव के लिए आरओ और एआरओ की नियुक्ति करने के लिए मंथन किया।
बूथ पर जाकर वोट बनवाएं युवा - डीएम
शामली। विधानसभा निर्वाचक नामावली का संक्षिप्त पुनरीक्षण का विशेष अभियान 8 और 22 नवंबर को चलाया जाएगा। डीएम ओपी वर्मा ने विशेष अभियान में बूथों पर नई वोट बनवाने की अपील की। उन्होंने बताया 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनेगा।
शनिवार को वीवी इंटर कॉलेज के सभागार में विधान सभा निर्वाचक नामावली का संक्षिप्त अभियान की सफलता के लिए बैठक हुई। इसमें डीएम ओपी वर्मा ने कहा पहला कार्य वोट बनवाना है। डीएम ने युवाओं से अनुरोध किया कि एक जनवरी 2016 के आधार पर जिनकी आयु 18 वर्ष या इससे अधिक होगी वे अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने हेतु निर्धारित प्रारुप-6 फार्म भरकर अवश्य जमा कराए ,ताकि उनका मतदान हेतु मतदाता सूची में नाम अंकित होगा और उन्हें पहचान पत्र जारी किया जाएगा।
उन्होंने कहा जिले में 8 और 22 नवंबर को विशेष मतदाता अभियान चलेगा। इस मौके पर एडीएम वित्त भरत पांडेय, एसडीएम श्याम अवध चौहान, नायाब तहसीलदार देवेंद्र कुमार, प्रधानाचार्य वीके गुलाठी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी वेदपाल सिंह आदि रहे। संचालन अनुराग शर्मा ने किया।