शामली/कैराना/थानाभवन। सावन के आखिरी सोमवार को बारिश के बावजूद जिलेभर के शिवालयों में भगवान आशुतोष का जलाभिषेक और विशेष पूजा -अर्चना करने के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा।
सावन के आखिरी सोमवार को बारिश के बावजूद सुबह चार बजे से शहर के हनुमान धाम पर मनकामेश्वर महादेव मंदिर, शिव मंदिर खेड़ी बैरागी, माजरा रोड स्थित भाकूवाला शिव मंदिर, मोहल्ला रेलपार सिद्धपीठ सदाशिव मंदिर, बुढ़ाना रोड बलभद्र मंदिर, शिवचौक, गांधी चौक पर कुटीवाला मंदिर, कैराना रोड पर गुलजारी वाला शिव मंदिर, बनखंडी महादेव मंदिर, झंडे वाला शिवमंदिर, सत्यनारायण मंदिर, जवाहरगंज मंडी स्थित बाबा विश्वनाथ मंदिर, शिव मंदिर, भोलेश्वर महादेव मंदिर, मुक्तेश्वर धाम सती मंदिर, ठाकुर द्वारा मंदिर सहित सभी मंदिरों में पूजन शुरू हो गया था।
बोल बम -बम हर-हर महादेव के जयघोष गूंज उठे। भक्तों नेे भगवान आशुतोष का जलाभिषेक करके मनोकामनाएं मांगी। पूरे दिन भगवान आशुतोष की विशेष पूजा अर्चना व जलाभिषेक चलता रहा। आखिरी सोमवार होने से श्रद्धालुओं ने मंदिरों में विशाल भंडारे का आयोजन किया।
उधर, कैराना के प्राचीन सिद्वपीठ बाबा बनखंडी महादेव मंदिर में जलाभिषेक -पूजा अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। वहीं, थानाभवन के मंदिर कचोरीनाथ में हवन पूजन के पश्चात भगवान शंकर का जलाभिषेक किया।
प्राचीन मंदिर जस्सूवाला, बालाजी धाम , शिव मंदिर और घंटो वाला मंदिर में भी बड़ी संख्या में भक्तों ने जलाभिषेक कर घर-परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। लक्ष्मी-नारायण मंदिर में पंडित हरिओम शर्मा ने शिव महिमा का वर्णन किया।