कोरोना से मुक्त होने की तरफ बढ़ा जिला
शामली। जिला अब कोरोना से मुक्त होने की तरफ बढ़ रहा है। चार दिन में दूसरी बार जिले में कोई कोरोना संक्रमित नहीं मिला है। कोरोना संक्रमित चार मरीज स्वस्थ हुए हैं। अब जिले में सिर्फ दस मामले ही सक्रिय रह गए हैं। चिकित्सकों का कहना है कि भले ही कोरोना संक्रमण की दर कम होती जा रही हो, लेकिन लोगों को अभी भी बचाव के लिए सावधानी बरतने की जरूरत है।
जिले में कोरोना की तीसरी लहर में संक्रमण की दर में उतार चढ़ाव आता रहा। 29 दिसंबर को कोरोना संक्रमण का केस मिलने पर तीसरी लहर ने दस्तक दी थी। इसके बाद से लगातार कोरोना संक्रमण बढ़ता गया। जिले में एक दिन में 300 के लगभग केस आए थे और सक्रिय केस की संख्या भी एक हजार को पार कर गई थी। फरवरी माह में कोरोना संक्रमण की दर में कमी आनी शुरू हुई। नए संक्रमितों के मुकाबले ठीक होने वालों की संख्या ज्यादा रहने के कारण सक्रिय केस कम होते गए। अब एक-दो नए केस ही मिल रहे हैं। मंगलवार को चार दिन के अंदर दूसरी बार कोरोना का नया केस नहीं मिला। इससे पहले 18 फरवरी को भी कोरोना संक्रमित नहीं मिला था। पूर्व में संक्रमित मिले कोरोना के चार मरीज स्वस्थ हुए हैं। अब जिले में 10 केस सक्रिय रह गए हैं।
जिला सर्विलांस अधिकारी एसीएमओ डॉ. जाहिद अली त्यागी ने बताया कि जिले में दो हजार से ज्यादा सैंपलों की रोजाना जांच हो रही है। मंगलवार को कोरोना का नया केस नहीं मिला है, जबकि चार मरीज स्वस्थ हुए हैं। उनका कहना है कि अगर यही स्थिति रही तो जल्द ही जिला कोरोना मुक्त हो जाएगा। उन्होंने कहा कि भले ही कोरोना संक्रमण की दर लगातार कम हो रही है, लेकिन लोगों को अभी सावधानी बरतने की जरूरत है। घर से बाहर निकलने पर मास्क जरूर लगाएं। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें और भीड़ में जाने से बचें।
अब तक कोरोना की स्थिति
कुल सैंपल 1048357
पॉजिटिव केस 16624
ठीक हुए केस 16566
सक्रिय केस 10
कोरोना से मौत 48