कांधला। गांव कनियान में बिजलीघर बनाए जाने की मांग को लेकर ग्रामीणों का धरना-प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी रहा। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होगी, आंदोलन जारी रहेगा।
गांव कनियान में 132 केवी बिजलीघर का निर्माण चल रहा था। बृहस्पतिवार को ग्रामीणों ने निर्माण रुकवाकर धरना-प्रदर्शन शुरू का दिया था। ग्रामीणों का कहना था कि पावर कारपोरेशन के अफसरों ने 132 केवी बिजलीघर निर्माण के लिए गांव वालों से जमीन ली थी।
साथ ही वादा किया था कि कनियान के लिए अलग से बिजलीघर बनवाया जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि 132 केवी बिजलीघर का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है, लेकिन वादे के मुताबिक 33 केवी बिजलीघर का निर्माण शुरू भी नहीं कराया गया। ग्राम प्रधान रामलखन के नेतृत्व में धरना दे रहे ग्रामीणों का कहना है कि जब तक पावर कॉरपोरेशन के अधिकारी अपना वादा पूरा नहीं करेंगे, तब तक धरना जारी रहेगा।
132 केवी बिजलीघर का निर्माण भी नहीं होने देंगे। इस दौरान धरनास्थल पर विक्की पोरिया, महेश, हरबीर, रणवीर, सुरेश, बिल्लू, यासीन, रफीक, भंवर सिंह, मोती, बीरसैन, सतपाल, जगपाल, इकबाल, सुरेशपाल आदि रहे।