शामली बनत पोस्टमार्टन हाउस पर जाम लगा कर विलाप करते मृतक के परिजन
- फोटो : SHAMLI
भट्ठे पर कमरे में लटका मिला युवक का शव
शामली/कांधला। किवाना ईंट भट्ठे पर एक कमरे में युवक का शव छत से लटका मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों ने कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। बाद में बनत स्थित पोस्टमार्टम हाउस पर पोस्टमार्टम में देरी होने पर परिजनों ने पानीपत-खटीमा हाईवे पर जाम लगा दिया। करीब आधे घंटे लगे जाम के बाद चिकित्सक के पहुंचने पर परिजनों ने जाम खोल दिया।
आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के गांव गोहरनी निवासी मुनेश (20 वर्ष) क्षेत्र के गांव किवाना निवासी गुलाब के ईंट भट्ठे पर काम करता था। मंगलवार सुबह मुनेश काम पर नहीं पहुंचा तो उसके साथियों ने उसकी तलाश शुरू की। उसके कमरे पर पहुंचे तो मुनेश का शव छत से फंदे से लटका हुआ था। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक के शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूचना पर पहुंचे परिजनों की पुलिस से नोकझोंक हुई। परिजनों ने कार्रवाई की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। पुलिस ने किसी तरह परिजनों को शांत किया। मामले में हत्या की आशंका जताते हुए थाने में तहरीर दी गई है।
उधर, शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। परिजनों ने बताया कि सुबह 11 बजे से शाम तीन बजे तक भी पोस्टमार्टम नहीं हुआ। इसे लेकर उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया और पोस्टमार्टम हाउस के सामने पानीपत-खटीमा हाईवे पर जाम लगा दिया। जाम की सूचना पर आदर्श मंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जाम के करीब आधे घंटे बाद चिकित्सक पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की। इस पर परिजनों ने जाम खोल दिया। जाम के कारण हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। उधर, पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतक युवक क परिजनों की तहरीर मिली है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
शामली बनत पोस्टमार्टन हाउस पर जाम लगा हंगामा करते मृतक के परिजन- फोटो : SHAMLI
शामली बनत पोस्टमार्टन हाउस पर जाम लगा हंगामा करते मृतक के परिजन- फोटो : SHAMLI