शामली। जनपद की बेटियां पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी आगे बढ़ रही हैं। वह खेलो इंडिया के तहत तैयारी करते हुए एथलेटिक्स में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर दम दिखा रही हैं। उनका कहना है कि वह भी हिमा दास और अन्नु रानी की तरह जनपद का नाम रोशन करना चाहती हैं, जिसके लिए प्रतिदिन तैयारी की जा रही है।
खेलो इंडिया के तहत पंजोखरा स्थित खेल स्टेडियम में 15 लड़कियां एथलेटिक्स की तैयारी कर रही हैं। शामली के दयानंदनगर की रहने निधि ने बताया कि वह दो वर्ष से जैवलिन थ्रो की तैयारी कर रही हैं। 12 की पढ़ाई करते हुए खेलों में अपना कॅरिअर बनाना चाहती हैं। उनकी आईडिअल खिलाड़ी अन्नू रानी हैं। वह भी अन्नु रानी की तरह भारत के लिए गोल्ड मेडल लाकर परिवार व जनपद का नाम रोशन करना चाहती हैं। निधि लखनऊ में आयोजित राज्य स्तर पर प्रतियोगिता में दम दिखा चुकी हैं।
ऊन की गार्गी भी पांच किलो मीटर की दौड़ में राज्य स्तर पर अच्छा प्रदर्शन करते हुए मेडल जीत चुकी हैं। गांव पावटी कला की धावक निपम पिछले छह वर्ष से 100 व 200 मीटर में अच्छा प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर गोल्ड मेडल जीतकर जनपद का नाम रोशन कर चुकी हैं। एथलेटिक्स कोच भूपेंद्र चौधरी ने बताया कि सोनम, निधि व आरजू आदि भी एथलेटिक्स का प्रशिक्षण ले रही हैं।