ऊन। जिले की तीसरी ऊन सुपीरियर फूड ग्रेंस प्राइवेट लिमिटेड का पेराई सत्र गुरुवाणी पाठ के बाद हुआ। चीनी मिल के प्रबंध निदेशक राणा इंद्र प्रताप सिंह, डायरेक्टर राणा प्रीत इंद्रपाल प्रताप सिंह, राणा करण प्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से केन करियर में नारियल फोड़कर, गन्ना डालकर पेराई सत्र शुरू कराया। इस मौके पर भैंसा-बुग्गी, ट्रैक्टर-ट्राॅली पहले लाने वाले किसानों को पुरस्कृत किया गया।
रविवार को सुपीरियर फूड ग्रेंस प्राइवेट लिमिटेड में 48 घंटे का गुरुवाणी पाठ लखविंदर सिंह की टीम ने किया। पेराई सत्र 2025-26 का पंडित विनोद शास्त्री, विद्याराम शर्मा ने मंत्रोच्चार के साथ पूजन कराया। मिल के एमडी राणा इंद्र प्रताप सिंह, डायरेक्टर राणा वीर प्रताप सिंह, राणा करण प्रताप सिंह, यूनिट हेड अवनीश चौधरी, वरिष्ठ महाप्रबंधक गन्ना कुलदीप पिलानिया ने कैन करियर में गन्ना डालकर, नारियल फोड़कर पेराई सत्र का शुभारंभ किया। सबसे पहले भैसा बुग्गी में गन्ना लेकर पहुंचे किसान संजीव ऊन, ट्रॉली के किसान अजमेर हथछोया को सम्मानित किया। इस अवसर पर मिल के इंजीनियरिंग हेड सरदार जगजीत सिंह, प्रोडक्शन हेड अजय शर्मा, अर्जुन शर्मा बायो फ्यूल हेड, सुखबीर सिंह, ब्लॉक प्रमुख रामपाल सिंह, जिला गन्ना अधिकारी रंजीत कुशवाहा, गन्ना समिति सचिव अजीत कुमार सिंह मौजूद रहे। मिल के डीजीएम सतेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मिल चलाने के लिए गन्ना इकट्ठा किया जा रहा है। गन्ना इकट्ठा करने के बाद सोमवार को दस बजे ऊन चीनी मिल को चालू कर दिया जाएगा।
एमडी राणा इंद्र प्रताप सिंह को किसानों ने घेरा, मांगा बकाया गन्ना भुगतान
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊन। सुपीरियर फूड ग्रेंस प्राइवेट लिमिटेड के पेराई सत्र के शुभारंभ पर पहुंचे किसानों ने मिल के एमडी राणा इंद्र प्रताप के सामने गन्ना बकाया मूल्य भुगतान की मांग रखी। जिस पर एमडी ने शीघ्र ही भुगतान का आश्वासन दिया।
रविवार को ऊन चीनी मिल के पेराई सत्र के शुभारंभ पर राजवीर सिंह, सोनू, हरेंद्र आदि किसानों ने कहा कि ऊन चीनी मिल पर किसानों का बकाया भुगतान है। नए पेराई सत्र में पिछला बकाया गन्ना भुगतान कराए जाने की मांग की। मिल के एमडी राणा इंद्र प्रताप ने शीघ्र गन्ना भुगतान किए जाने का आश्वासन दिया। पेराई सत्र के मौके ब्लॉक प्रमुख रामपाल सिंह के साथ पूर्व प्रधान पुरमाफी कंवरपाल सिंह आर्य भी पहुंचे। अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिस पर ब्लॉक प्रमुख अपनी गाड़ी से उन्हे सीएचसी पर लेकर पहुंचे। पूर्व प्रधान का उपचार किया गया। ब्लॉक प्रमुख रामपाल सिंह ने बताया कि उनकी हालत में सुधार है।