कंट्रोल रूम पर आने वाली शिकायतों का हो निस्तारण
शामली। डीएम जसजीत कौर ने शनिवार को इंटीग्रेटेड एकीकृत कोविड कमांड और कंट्रोल सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने होम आइसोलेशन वाले मरीजों के स्वास्थ्य की नियमित मॉनिटरिंग के बारे में जानकारी ली। निर्देश दिए कि मरीजों से नियमित रूप से उनके स्वास्थ्य के बारे में बातचीत करते रहें।
उन्होंने कहा कि गंभीर लक्षण होने पर तत्काल जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कंट्रोल सेंटर पर मौजूद अधिकारियों को निर्देशित किया कि मरीजों का निरंतर फोन कर फीडबैक लिया जाए और कंट्रोल रूम पर आने वाली प्रत्येक कॉल उठाई जाए। कोरोना किट को लेकर जो कॉल प्राप्त होती है, उसे तत्काल किट उपलब्ध कराई जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कंट्रोल रूम पर प्राप्त होने वाली शिकायतों का तत्काल संज्ञान लेते हुए निस्तारण कराने के निर्देश दिए।