शामली। रविवार को दिनभर शहर के लोग जाम से जूझते रहे। रेलवे ट्रैक पर काम चलने की वजह से शनिवार रात से रविवार सुबह करीब 14 घंटे धीमानपुरा फाटक बंद रहा। जिससे शहर में वाहनों का दबाव बन गया। यात्री वाहन और माल वाहक वाहन बाईपास से निकाले गए, लेकिन संख्या अधिक होने की वजह से जाम लग गया। मेरठ-करनाल हाईवे पर कई किमी लंबी वाहनों की कतार लग गई।
शहर के अंदर धीमानपुरा फाटक पर रेलवे द्वारा शनिवार रात को तकनीकी काम कराया गया था। जिस कारण शनिवार शाम सात बजे से रविवार सुबह सात बजे तक फाटक बंद कर दिया गया था । फाटक बंद होने की वजह से मुजफ्फरनगर और सहारनपुर की ओर से आने और जाने वाला पूरा ट्रैफिक मेरठ-करनाल हाईवे की ओर से शामली बाईपास से निकाला गया। ऐसे में मेरठ रोड पर वाहनों का जबर्दस्त दबाव बन गया। शनिवार रात नौ बजे के बाद नो एंट्री खुलने के बाद तो यहां माल वाहक वाहनों की संख्या भी बढ़ गई। जिससे शहर से लेकर सिंभालका तक करीब तीन किमी लंबी वाहनों की कतार रात भर लगी रही। घंटों तक जाम लगा रहने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
ट्रेन को आउटर पर रोकना पड़ा, यात्री परेशान
धीमानपुरा फाटक को रविवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे खोला गया लेकिन जब तक मेरठ-करनाल हाईवे पर शामली शहर से लेकर सिंभालखा और सहारनपुर रोड से शामली बाइपास से मेरठ करनाल हाईवे पर निकलने वाले बाइपास पर ट्रक आदि सैकड़ों वाहन कतार में लगे थे। मेरठ-करनाल हाईवे पर पड़ने वाले बुढ़ाना फाटक पर भी दोनों तरफ वाहन खड़े थे, इसी दौरान एक गन्ने से भरा ट्रक फाटक पर खराब हो गया। इस वजह से फाटक को भी बंद नहीं किया जा सका लिहाजा दोपहर में दिल्ली की ओर से आई पैसेंजर ट्रेन को भी आउटर पर ही रुकवाया गया। शामली के यात्री यहीं पर ट्रेन से उतरकर करीब आधा किमी पैदल दूरी तय कर ई रिक्शा पकड़ रहे थे।
गन्ने का वाहन हुआ खराब
यातायात पुलिस किसी तरह जाम खुलवाने में लगी थी तभी एक ट्रक शुगर मिल के गेट के सामने ही खराब हो गया। सड़क के बीच इसके खराब होने से जाम की स्थिति ओर ,खराब हो गई। वाहनों को निकलने में परेशानी हुई। कुछ ही देर बाद अजंता और विजय टाकिज के बीच एक वाहन खराब होने से भी हाइवे पर हाल खराब हो गया था। इसी तरह शाम तक जाम की स्थिति बनी रही और ट्रैफिक रुक रुक कर निकला। इसके अलावा शहर में वाहनों का दबाव बढ़ने की वजह से यातायात पुलिस ने मेरठ-करनाल हाईवे पर झिंझाना क्षेत्र में गाड़ीवाला चौराहा और मुजफ्फरनगर रोड पर बंतीखेड़ा पर वाहनों को रुकवाया। सुबह के समय दोनों तरफ वाहनों को रोककर दूसरे मार्गों से डायवर्ट किया गया इसके बाद कुछ दबाव कम किया गया।
कोट
रात को 14 घंटे धीमानपुरा फाटक बंद होने और इसके बाद दिन में शहर में कई जगह वाहन खराब होने की वजह से जाम की समस्या बनी। यातायात पुलिस ने व्यवस्था बनाई। कुछ जगहों पर रूट डायवर्ट किया गया। इसके बाद स्थिति सामान्य की गई। शहर में शादियां अधिक होने के कारण भी वाहनों की संख्या बढ़ी थी। - भंवर सिंह, यातायात निरीक्षक
शामली बुढ़ाना फाटक के आउॅटर पर खड़ी ट्रेन से पैदल आते यात्री।- फोटो : SHAMLI
शामली बुढ़ाना फाटक के आउॅटर पर खड़ी ट्रेन से पैदल आते यात्री।- फोटो : SHAMLI