शामली में सजाया गया गुलजारी वाला शिव मंदिर। संवाद
शामली। सावन मास के पहले दिन बृहस्पतिवार को जिलेभर के शिवालयों में बोल बम, हर-हर महादेव के जयघोष गूंज उठे। सुबह चार बजे से ही श्रद्धालुओं ने भगवान आशुतोष का दूध, दही और गंगाजल से जलाभिषेक कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा परिवार की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की।
शहर के शिव चौक स्थित हनुमान धाम के मनकामेश्वर महादेव मंदिर, रेलपार सदाशिव मंदिर, शिव दुर्गा मंदिर, बुढ़ाना रोड स्थित बलभद्र मंदिर, कैराना रोड के गुलजारी शिव मंदिर, करनाल रोड स्थित भोलेश्वर महादेव मंदिर, मोहल्ला वनखंडी महादेव मंदिर, सब्जी मंडी स्थित मां शाकंभरी देवी मंदिर, गांधी चौक शिवमूर्ति, श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर, माजरा रोड स्थित भ्राकूवाला शिव मंदिर, पंजाबी कॉलोनी के रघुनाथ मंदिर, रेलवे रोड स्थित श्री सत्यनारायण मंदिर और मंडी जवाहरगंज के श्री विश्वनाथ मंदिर सहित अन्य शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी।
श्रद्धालुओं ने बेलपत्र, दूध, दही और गंगाजल अर्पित कर भगवान शिव का अभिषेक किया। हनुमान धाम के प्रधान सलिल द्विवेदी तथा कैराना रोड स्थित गुलजारी शिव मंदिर के महंत शैलेंद्र गिरी महाराज ने बताया कि सावन शुरू होते ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ गई है। शिवरात्रि को लेकर मंदिरों की सजावट की जा रही है। इसके लिए बंगाल और मुरादाबाद से कारीगर पहुंच चुके हैं।
शामली में सजाया गया गुलजारी वाला शिव मंदिर। संवाद