शामली। शहर के मोहल्ला रामसागर निवासी राजेंद्र (65) के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने के कारण बिसरा सुरक्षित किया गया है। बिसरा की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उधर, परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी।
ऊर्जा निगम के कर्मचारी राजकिरण के पिता राजेंद्र कुमार 20 जून को घर से किसी कार्य से बाहर गए थे। इसके बाद वे देर रात तक भी वापस नहीं आए थे। परिजनों का उनसे फोन पर भी संपर्क नहीं हो पाने पर आदर्श मंडी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। मंगलवार को गांव मुंडेट स्थित इंटर कॉलेज के पास बुजुर्ग का शव गली सड़ी अवस्था में मिला था। मृतक के पुत्र रविकांत ने अपने पिता की हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को बताया था कि उनके पिता का गांव में एक व्यक्ति के यहां आना जाना था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया था।
थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर बाहरी चोट का कोई निशान नहीं आया है, जिस कारण मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने पर बिसरा सुरक्षित किया गया है। बिसरा परीक्षण रिपोर्ट के आधार पर मामले में कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच चल रही है।