आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार रोका
पुलिस के कार्रवाई के आश्वासन पर शव का किया अंतिम संस्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। शहर कोतवाली क्षेत्र में लिलौन अंडरपास के निकट रेलवे लाइन किनारे मिला शव फैक्टरी में मुनीम पवन शर्मा (46) का था। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए शव का अंतिम संस्कार करने से इन्कार कर दिया। पुलिस ने परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत किया। इसके बाद शव का अंतिम संस्कार किया गया। मृतक के पुत्र की तरफ से पुलिस को तहरीर दी गई है।
पुलिस को शुक्रवार सुबह रेलवे लाइन के किनारे शव मिलने की सूचना मिली थी। चेहरा बुरी तरह कुचला हुआ था। उस समय पहचान न होने पर पुलिस ने शव को अज्ञात में पोस्टमार्टम को भेज दिया था। देर रात में परिजनों ने शव की पहचान पवन शर्मा निवासी कौशांबी विहार शामली के रूप में की।
पिता वेदप्रकाश शर्मा ने बताया कि उनका पुत्र पवन कंडेला स्थित चम्मच बनाने की फैक्टरी में मुनीम का कार्य करते थे। दो दिन पहले 16 जुलाई को दोपहर करीब ढाई बजे अपनी ससुराल गांव बलवाखेड़ी से पत्नी रीता व दोनों बच्चों को लेकर घर आए थे। इसके बाद करीब साढ़े तीन बजे फैक्टरी में दो घंटे का काम होना बताकर घर से गए थे। जब वे शाम तक वापस नहीं आए तो उनके मोबाइल फोन पर कई बार संपर्क किया गया लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। उस दिन रात करीब दस बजे कॉल रिसीव हुई तो पवन ने रेलवे फाटक के आसपास होना बताते हुए थोड़ी देर में घर पहुंचने की बात कही थी। देर रात तक वापस न आने पर उनके मोबाइल फोन पर कॉल रिसीव हुई।
वेदप्रकाश ने बताया कि उनके बेटे का मोबाइल फोन व पर्स नहीं मिला है। शनिवार सुबह तक मोबाइल फोन पर घंटी बजती रही। इसके बाद फोन स्विच ऑफ आ रहा है। मृतक के पुत्र हरि जिनेंद्र शर्मा ने देर रात में ही पिता की हत्या करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी।
तहरीर में बताया गया कि पवन के साथ फैक्टरी में काम करने वाले ठेकेदार को सीसीटीवी कैमरे में साथ देखा गया। आशंका जताई कि उनके पिता को पहले शराब पिलाई गई और उसके बाद हत्या कर शव को रेलवे लाइन के किनारे फेंका गया।
शनिवार सुबह परिजनों ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए शव अंतिम संस्कार करने से इन्कार कर दिया। चेतावनी दी कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती तब तक शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।
कोतवाली प्रभारी ने पहुंचकर परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद शव का अंतिम संस्कार किया गया।
विवेचक मुकेश दिनकर ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
पांच साल में दोनों बेटे चले गए, घर में कमाने वाला भी कोई नहीं रहा
वेदप्रकाश ने बताया उनके दो बेटे थे। छोटे बेटे नितेश कुमार की पांच साल पहले बीमारी के चलते मौत हो गई थी। अब बड़ा बेटा भी चला गया। चार बेटियां शादीशुदा हैं। मां प्रेमवती उर्फ प्रेमो ने रोते बिलखते हुए कहा कि पांच साल में दोनों बेटे चले गए। उनका बेटे पवन की हत्या की गई। वही घर में अकेला कमाने वाला था। वेदप्रकाश शर्मा शुगर मिल में सेवानिवृत्त चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं। पवन शर्मा की 21 वर्षीय बड़ी बेटी कंप्यूटर कोर्स कर रही है और बेटा हरि जिनेंद्र 12वीं क्लास में पढ़ता है।
शामली के कौशांबी विहार में मृतक पवन के घर के बाहर मौजूद लोग। स्रोत वीडियोग्रेब
शामली के कौशांबी विहार में मृतक पवन के घर के बाहर मौजूद लोग। स्रोत वीडियोग्रेब
शामली के कौशांबी विहार में मृतक पवन के घर के बाहर मौजूद लोग। स्रोत वीडियोग्रेब
शामली के कौशांबी विहार में मृतक पवन के घर के बाहर मौजूद लोग। स्रोत वीडियोग्रेब