बाबरी (शामली)। बुधवार शाम करीब पौने सात बजे अंकित बालियान की शामली में आर्यपुरी नाला पटरी पर गाली मारकर हत्या कर दी थी। बृहस्पतिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। बनतीखेड़ा के अलावा आसपास के गांवों के बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा और उनके परिचित पहुंचे। अंकित के बड़े भाई राजीव कुमार दोपहर को पहुंचे। इसके बाद शवयात्रा की तैयारी की गई लेकिन अचानक मौसम बदला और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के दौरान अंतिम यात्रा शुरू हुई। नम आंखों से लोग अपने चहेते सिंगर को अंतिम विदाई देने के लिए साथ चलते रहे। बड़े भाई राजीव ने चिता को मुखाग्नि दी। संवाद
ये पहुंचे जनप्रतिनिधि
पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान, भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत, भाकियू जिलाध्यक्ष आशीष चौधरी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख बुढ़ाना विनोद मलिक, सदर विधायक प्रसन्न चौधरी, पूर्व विधायक तेजेंद्र निर्वाल, पूर्व विधायक राव अब्दुल वारिश, सपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र ताना, थानाभवन विधायक अशरफ अली के पुत्र शायान अली खान आदि ने पहुंचकर पीड़ित परिवार को ढाढ़स बंधाया।
दो पीढ़ी पहले मुकुंदपुर से बनतीखेड़ा आया था परिवार
बाबरी। अंकित बालियान का परिवार मूल रूप से थाना तितावी क्षेत्र के गांव मुकुंदपुर का रहने वाला है। परिजनों के अनुसार करीब दो पीढ़ी पहले अंकित के दादा अपनी मां के यहां बनतीखेड़ा आकर रहने लगे थे। इसके बाद परिवार यहीं बस गया। अंकित के पिता सत्यवीर सिंह रिटायर्ड फौजी हैं। परिवार में सत्यवीर के दो भाई उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक पद पर तैनात हैं। परिवार के सदस्य पुलिस सेवा से जुड़े होने के कारण गांव में भी अंकित के परिवार की अलग पहचान रही है।
अंकित हत्याकांड में चार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
शामली। अंकित बालियान की हत्या में उनके पिता सतवीर सिंह की तरफ से शहर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि बाइक सवार चार हमलावरों पर बेटे पर फायरिंग कर हत्या की गई। जांच अधिकारी धर्मेंद्र गौतम ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात चार बदमाशों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।
बड़े भाई राजीव ने पुलिस की कार्यशैली पर उठाए सवाल
शामली। गांव बंतीखेड़ी निवासी अंकित बालियान की हत्या की खबर मिलने पर बृहस्पतिवार दोपहर को उनके बड़े भाई राजीव बालियान गांव में पहुंचे। राजीव बालियान राजस्थान के कोटा में रहकर मेडिकल की तैयारी कर रहे हैं। भाई की हत्या से दुखी राजीव बालियान ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं। राजीव ने कहा कि उनकी दादी फूलमती की 25 साल पहले घर में घुस कर हत्या कर थी। आज तक इंसाफ नहीं मिला। अब भाई की बीच बाजार गोली मार कर हत्या कर दी। उन्होंने सवाल किया कि कहां है पुलिस और कहां है रामराज, सरकार रामराज की बात कहती है।