काठा नदी में मिला शव टिटौली के बबलू का था
झिंझाना। क्षेत्र के गांव अलीनगर के निकट काठा नदी में 12 दिन पूर्व मिट्टी में दबे मिले शव की पहचान गांव टिटौली निवासी राजमिस्त्री बबलू कश्यप के रूप में परिजनों ने कपड़ों के आधार पर की है।
पिछले महीने 26 जून की सुबह अलीनगर की काठा नदी में युवक का शव मिट्टी में दबा हुआ था। उस समय शव की पहचान न होने पर पुलिस ने अज्ञात में पोस्टमार्टम को भेज दिया था। बृहस्पतिवार को परिजनों ने कपड़ों के आधार पर शव की पहचान आदर्श मंडी थानाक्षेत्र के गांव टिटौली निवासी 35 वर्षीय बबलू कश्यप के रूप में की। पुलिस के मुुताबिक परिजनों ने बताया कि बबलू का कई साल से अपनी पत्नी से विवाद कोर्ट में चल रहा है। उसका करीब दस वर्षीय बेटा अपने ताऊ के साथ रहता है। वह काफी समय से अपनी बहन के यहां झिंझाना क्षेत्र के गांव लक्ष्मणपुरा में रहता था। 22 जून को करीब दस बजे बबलू की मोबाइल से बहनोई कर्मवीर से बात हुई थी, जिसमें बबलू ने थोड़ी देर में घर पहुंचने की बात कही थी। उसके बाद से वह गायब चल रहा था और उसका फोन भी स्विच ऑफ आ रहा था। परिजनों ने बताया कि बबलू राज मिस्त्री का काम करता था। पुलिस के मुताबिक मृतक तीन भाइयों में मझोला भाई थी। उसके दो भाई प्रमोद व विनोद गांव टिटौली में रहते हैं। पुलिस का कहना है कि इस मामले में अभी मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है। मामले की जांच की जा रही है।