कैराना (शामली)। शामली के मोहल्ला पंजाबी कालोनी में भजन गायक अजय पाठक परिवार हत्याकांड के आरोपी की जमानत अर्जी पर बुधवार को सुनवाई नहीं हो सकी। अब छह अक्तूबर को आरोपी की जमानत पर सुनवाई होगी।
आदर्श मंडी थाना शामली क्षेत्र की पंजाबी कालोनी में 30 दिसंबर 2019 की रात को भजन गायक अजय पाठक, उसकी पत्नी स्नेहा पाठक, बेटी वसुंधरा और बेटे भागवत की हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने मृतक अजय पाठक के करीबी शिष्य हिमांशु सैनी निवासी गांव झाड़खेड़ी थाना कैराना को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इस मामले में पिछले सप्ताह हत्यारोपी हिमांशु सैनी ने अपने अधिवक्ता के माध्यम से जिला एवं सत्र न्यायालय में जमानत अर्जी दी थी। न्यायालय ने जमानत अर्जी पर सुनवाई के लिए 30 सितंबर की तारीख दी थी। बुधवार को जमानत अर्जी पर सुनवाई होनी थी। जिला एवं शासकीय अधिवक्ता फौजदारी संजय चौहान ने बताया कि आरोपी हिमांशु सैनी के अधिवक्ता ने बुधवार को जिला एवं सत्र न्यायालय से समय मांगा। जिला जज ने जमानत पर सुनवाई के लिए छह अक्तूबर की तारीख नियत की है।