शामली। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में थानाभवन और कैराना सीट भाजपा के लिए काफी मायने रखती हैं। इन दोनों ही सीटों को किसी भी सूरत में भाजपा हारना नहीं चाहती। यह बात भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने भी कबूली और मंच से ही कह दिया कि यदि थानाभवन में भाजपा हार गई, तो बड़ा संकट आ जाएगा।
रविवार को थानाभवन में जनसभा के दौरान भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि यह संवेदनशील क्षेत्र है। गुंडागर्दी हावी है, बहन बेटियां सुरक्षित नहीं रहती, गरीबों की जमीन पर अवैध कब्जे किए जाते हैं, जिस कारण लोगों को पलायन के लिए मजबूर होना पड़ता है। 2012 के चुनाव में जीतने पर विधायक बने सुरेश राणा ने जनता के बीच रहकर कार्य किया।
यदि थानाभवन में भाजपा हार गई, तो बड़ा संकट आ जाएगा, क्योंकि गुंडे फिर हावी हो जाएंगे। वहीं, उन्होंने थानाभवन विधायक सुरेश राणा की जमकर तारीफ की। कहा कि 2014 के लोकसभा चुनाव में सुरेश राणा को 32 सीटों पर प्रचार के लिए भेजा था, तो उन सभी सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की थी। अभी 11 फरवरी को थानाभवन सीट के लिए मतदान हो जाएगा, जिसके बाद सुरेश राणा को 100 सीटों पर चुनाव प्रचार के लिए भेजा जाएगा।