सीएचसी में परखीं व्यवस्थाएं
शामली। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नेशनल क्वालिटी इंश्योरेंस सर्टिफिकेशन (एनक्यूएएस) के लिए पहुंची राज्य स्तरीय टीम ने शुक्रवार को स्वास्थ्य सुविधाओं और व्यवस्था का जायजा लिया।
एनक्यूएएस की टीम क्वालिटी हेड डॉ. अनुराग मित्तल के नेतृत्व में सीएचसी शामली पहुंची। टीम ने सीएचसी में इमरजेंसी, प्रसव कक्ष, टीकाकरण कक्ष, ऑपरेशन थियेटर, पैथोलोजी लैब आदि का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम के सदस्यों ने उपचार के आए मरीजों और गर्भवती महिलाओं से स्वास्थ्य सुविधाओं और व्यवस्था की जानकारी ली। पैथोलोजी लैब में होने वाली जांच के बारे में पूछताछ की। इस दौरान रक्त संग्रह केंद्र के बारे में भी जानकारी ली।
इनके अतिरिक्त मरीजों के बैठने, शौचालय की स्थिति और पेयजल आदि की व्यवस्था देखी। जनरल वार्ड का हाल भी देखा। इस प्रकार टीम ने सीएचसी के सभी 12 विभागों के बारे में विस्तार से जानकारी ली। बताया कि जनपद में एनक्यूएएस के लिए सीएचसी शामली का चयन हुआ है। राज्य स्तरीय टीम की रिपोर्ट के आधार पर सीएचसी मानकों पर खतरा उतरती है तो केंद्रीय स्तर की टीम व्यवस्था का जायजा लेगी। राज्य स्तरीय टीम के निरीक्षण में चयनित होने के लिए 70 फीसद अंक जरूरी होना है। सीएचसी के चिकित्साधीक्षक डॉ. रमेश चंद्रा ने बताया कि लखनऊ से राज्य स्तरीय टीम सीएचसी में क्वालिटी जांच करने के लिए आई है।
बड़े कक्ष में इमरजेंसी शिफ्ट करने की तैयारी शुरू
शामली। सीएचसी शामली में इमरजेंसी को बड़े कक्ष में शिफ्ट करने की तैयारी शुरू हो गई है। वर्तमान में जिस कक्ष में इमरजेंसी चल रही है, वह कक्ष छोटा है। सीएचसी में जिस कक्ष में पैैथोलोजी लैब चल रही थी, उसे शिफ्ट कर दूसरे भवन में शिफ्ट कर दिया गया है। पैथोलोजी के पुराने कक्ष को इमरजेंसी कक्ष बनाया जा रहा है। इसमें चार बैड की व्यवस्था रहेगी।