शामली। जलालाबाद नगर पंचायत में पहले ही कराए जा चुके विकास कार्यों की निविदा निकालने का मामला सामने आने के बाद नगर पंचायत प्रशासन ने सभी 13 कार्यों की निविदा निरस्त कर दी है। अधिशासी अधिकारी जयवीर सिंह ने इसकी पुष्टि की है।
नगर पंचायत की ओर से राज्य वित्त, बोर्ड फंड समेत अन्य मदों से सड़क, नाली, इंटरलॉकिंग टाइल्स, पंप हाउस, पौधरोपण और बेंच लगाने सहित 13 कार्यों के लिए 53.75 लाख रुपये की निविदाएं निकाली गई थीं। इनमें कुछ कार्य पहले ही कराए जाने का मामला सामने आया था। इस मामले में सभासदों ने सहारनपुर मंडलायुक्त से शिकायत कर जांच और कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद मंडलायुक्त ने जिलाधिकारी को जांच कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने मामले की जांच एडीएम को सौंपी है।
अधिशासी अधिकारी जयवीर सिंह ने बताया कि लोगों की मांग पर कुछ कार्य पहले करा दिए गए थे। अब सभी 13 कार्यों की निविदा निरस्त कर दी गई है। इन कार्यों के लिए नियमानुसार दोबारा निविदा प्रक्रिया अपनाई जाएगी।