कांधला। बहला फुसलाकर ले जा गई किशोरी की बरामदगी नहीं होने पर समाज के लोगों ने पंचायत के बाद थाने का घेराव किया। इस दौरान जमकर बखेड़ा हुआ और पुलिस से नोकझोंक भी हुई। बाद में मौके पर पहुंचे सीओ कैराना ने तीन दिन में किशोरी की बरामदगी का आश्वासन देकर लोगोें को शांत किया।
कस्बे के एक मोहल्ला से गत 29 नवंबर को एक व्यक्ति किशोरी को बहला फुसलाकर भगा ले गया था। मामले में परिजनों ने पांच लोगों के खिलाफ तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की और न ही किशोरी को बरामद किया जा सका। मामला अलग-अलग समुदाय से जुड़ा होने के चलते तनाव बना हुआ था। बुधवार को परिजनों ने थाने पर हंगामा करते हुए तीन दिन में किशोरी की बरामदगी का अल्टीमेटम दिया था, लेकिन पुलिस परिजनों की चेतावनी को हल्के में लेती रही। शुक्रवार को इस मामले में कैराना रोड स्थित निराकार राम जी मंदिर में समाज के लोगों की पंचायत हुई। पंचायत में पहुंचे भाजपा नेता नरेश सैनी, विहिप नेता सुभाष मलिक, बजरंग दल के प्रांतीय मंत्री प्रमोद सैनी आदि ने घटना की निंदा की। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं माहौल खराब कर रही हैं।
किशोरी को बहला फुसलाकर एक व्यक्ति लेकर गया है और पुलिस उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। पंचायत के बाद भीड़ थाने पहुंच गई और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान थाना प्रभारी नरेशपाल सिंह ने प्रदर्शनकारियों को रोका, तो वह बिफर पड़े। इस दौरान थाना प्रभारी और लोगों की तीखी नोकझोंक हुई। हंगामा बढ़ने पर सीओ कैराना एनपी सिंह थाने में पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे लोगों से तीन दिन का समय ओर मांगा। इस दौरान एसपी के नाम सीओ कैराना को ज्ञापन दिया गया, जिसमें तीन दिन में किशोरी की बरामदगी नहीं होने पर महापंचायत करनेे की चेतावनी दी गई। इस घटना से कस्बे में तनाव की स्थिति बनी हुई है। प्रदर्शन में अरविंद सैनी, रविंद्र सैनी, कंवरपाल, विक्की, अरविंद डिस्लिवा, रणधीर सिंह सल्फा, लोकेश गोयल, अमित गर्ग, मांगेराम कश्यप, सुंदर लाल सैनी, राजेंद्र बंसल आदि मौजूद रहे।
तीन बच्चों का बाप है आरोपी
जिस व्यक्ति पर किशोरी को बहला फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगा है। उसकी शादी हो चुकी है और तीन बच्चों का बाप है। बताया जा रहा है कि वह किशोरी के मकान में ही किराये पर रहता था।
एक आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में नामजद किए गए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बुढ़ाना रोड से अरशद मोहल्ला शेखजादगान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
------
इस मामले में एक आरोपी को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। किशोरी की बरामदगी के लिए टीम लगाई गई है, जल्द ही किशोरी बरामद कर ली जाएगी।
एनपी सिंह, सीओ कैराना।