- जामुन खिलाने के बहाने ईख के खेत में ले जाकर किया था अनैतिक कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
चौसाना। क्षेत्र के एक गांव में करीब नौ वर्षीय बालक के साथ गांव के 16 वर्षीय किशोर ने अनैतिक कार्य किया। आरोपी किशोर जामुन खिलाने के बहाने बालक को जंगल में ले गया था। पीड़ित बालक की मां की तहरीर पर पुलिस ने पांच दिन बाद आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
नौ वर्षीय बालक दस जुलाई को अपने घर के बाहर खेल रहा था। आरोप है कि गांव निवासी 16 वर्षीय किशोर घर के बाहर खेल रहे बालक को जामुन खिलाने का झांसा देकर साइकिल पर बैठाकर भड़ी-मुस्तफाबाद मार्ग स्थित एक खेत पर ले गया। वहां पहले उसे जामुन खिलाई और फिर बहला-फुसलाकर ईख के खेत में ले जाकर उसके साथ अनैतिक कार्य किया।
घर लौटने पर बालक ने परिजनों को घटना की जानकारी दी, इसके बाद परिजन बालक को लेकर पुलिस चौकी पहुंचे। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली। पुलिस ने पीड़ित बालक का चिकित्सीय परीक्षण कराया।
विवेचक राहुल कुमार ने बताया कि इस मामले में पीड़ित बालक का चिकित्सीय परीक्षण कराने के साथ ही न्यायालय में बयान दर्ज कराए गए हैं।