कैराना। साइबर ठग ने एक किशोर को 25 लाख रुपये की लाटरी निकलने का लालच देकर गूगल-पे के माध्यम से अपने खाते में 41300 रुपये की जमा करा लिए। किशोर के पिता ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
बृहस्पतिवार को मोहल्ला छड़ियान निवासी नौशाद ने तहरीर देकर बताया कि बुधवार को एक अज्ञात व्यक्ति ने दो अलग-अलग नंबरों से उसे फोन किया। उसके बेटे उवैश (12) ने फोन रिसीव किया तो कॉल करने वाले ने कहा कि उसकी 25 लाख रुपये की लॉटरी निकली है। तुरंत उसके गूगल-पे नंबर पर 16300 रुपये जमा करा दो। तभी किशोर ने घर से 16300 रुपये लेकर मोहल्ले के ही जन सेवा केंद्र से बताए गए गूगल-पे नंबर पर रुपये ट्रांसफर करा दिए। बताया गया कि कुछ देर बाद दोबारा फोन कर 25 हजार रुपये जमा कराने को कहा गया। इसके बाद किशोर ने 25 हजार रुपये भी इसी तरह ठग के खाते में ट्रांसफर करा दिए।
तीसरी बार में व्यक्ति ने कहा कि नौ हजार रुपये और जमा कराने के बाद उनकी लॉटरी के 25 लाख रुपये आ जाएंगे। किशोर ने रुपये डलवाने से मना कर दिया। किशोर ने अपने परिजनों को जानकारी दी तो ठगी का पता लगा। पीड़ित ने फोन आने वाले नंबर पर संपर्क किया गया तो वह नंबर नहीं मिल रहा। पुलिस ने तहरीर लेकर कार्रवाई का शुरू कर दी है।