शामली। एक जुलाई से नया शैक्षिक सत्र शुरू हो रहा है। कोरोना की वजह से विद्यालयों में शिक्षक और स्टाफ पहुंचेेगा, लेकिन बच्चे नहीं जाएंगे। शिक्षक विद्यालयों से ही ऑनलाइन क्लास चलाने के साथ ही नामांकन और फीस जमा करने का कार्य करेंगे।
कोरोना संक्रमण की वजह से स्कूलों में बच्चों को स्कूल जाने पर रोक लगाई गई है। ग्रीष्मकालीन अवकाश की छुट्टियां खत्म होने के बाद एक जुलाई से नया शैक्षिक सत्र शुरू हो रहा है। कोरोना की वजह से बच्चे विद्यालयों में नहीं जाएंगे। माध्यमिक व बेसिक शिक्षा विभाग से संचालित विद्यालयों में शिक्षक और स्टाफ पहुंचकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। शिक्षक कक्षावार रजिस्टर तैयार करेंगे और ऑनलाइन कक्षाएं चलाएंगे। इसके साथ ही नए दाखिले और फीस जमा की जाएगी।
श्री जैन कन्या इंटर कालेज शामली की प्रधानाचार्या रूचिता ढाका ने बताया कि बृहस्पतिवार को सभी शिक्षिकाओं को विद्यालय पहुंचकर उपस्थिति दर्ज कराने के लिए कहा गया है। विद्यालय से ही शिक्षिकाएं ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करेंगी। आरके इंटर कालेज शामली के प्रधानाचार्य कैप्टन लोकेंद्र कुमार ने बताया कि सभी शिक्षकों को विद्यालय आने के लिए कहा गया है। शिक्षक ऑनलाइन शिक्षण कार्य करने के साथ ही नए दाखिले और फीस जमा करने का कार्य करेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक सरदार सिंह ने बताया कि एक जुलाई से विद्यालय में शिक्षक पहुंचेंगे, लेकिन अभी बच्चे विद्यालय नहीं जाएंगे।