- माध्यमिक शिक्षक संघ ठकुराई गुट के पदाधिकारियों ने शिक्षकों से कॉलजों में किया संपर्क
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। माध्यमिक शिक्षक संघ ठकुराई गुट ने पुरानी पेंशन समेत शिक्षकों की समस्याओं को लेकर नौ अगस्त को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर धरना प्रदर्शन करने की घोषणा की है। संगठन के पदाधिकारियों ने कॉलेजों में शिक्षकाें से संपर्क कर धरने में ज्यादा संख्या में पहुंचने का आह्वान किया।
शनिवार को संगठन के जिलाध्यक्ष कैप्टन रजनीश कुमार, सहारनपुर मंडल अध्यक्ष कैप्टन लोकेंद्र सिंह और जिला मंत्री अंकुर कुमार ने प्रांतीय आह्वान पर नौ अगस्त को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर प्रस्तावित धरना प्रदर्शन के लिए श्री जैन कन्या इंटर कॉलेज, वीवी इंटर कॉलेज, देशभक्त इंटर कॉलेज, ब्रिगेडियर होशियार सिंह इंटर कॉलेज, जनता आदर्श इंटर कॉलेज मालेंडी, बाबू जवान सिंह इंटर कॉलेज खंदरावली और इंटर कॉलेज एलम में शिक्षकाें से संपर्क किया अधिक से अधिक संख्या में धरने में पहुंचने का आह्वान किया। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष कैप्टन लोकेंद्र सिंह ने कहा कि हमारे बुजुर्गों ने संघर्षों के बलबूते जो उपलब्धियां हासिल की थी, धीरे धीरे वे हमसे छिनती जा रही है, चाहे वह पुरानी पेंशन हो या अन्य उपलब्धियां हो। अगर अपने अस्तित्व को बचाना है तो पुनः हमें संगठन के माध्यम से संघर्ष का मार्ग अपनाना होगा।
जिलाध्यक्ष रजनीश कुमार और जिला मंत्री अंकुर कुमार ने कहा कि संगठन और संघर्ष के माध्यम से ही अपने भविष्य को बचाया जा सकता है, इसलिए प्रांतीय आह्वान पर नौ अगस्त को प्रदेश स्तरीय तथा जनपद स्तरीय समस्याओं के समाधान के लिए होने वाले धरने प्रदर्शन में सभी शिक्षक साथी तथा शिक्षिका बहने अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करें, जहां पर सभी शिक्षक साथियों तथा शिक्षिका बहनों के हितों से जुड़ी हुई प्रदेश स्तरीय मांगो से संबंधित ज्ञापन डीआईओएस के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम सौंपा जाएगा।