- खंदरावली के निकट नहर में नहाते समय पानी में डूब गया या युवक
- जिला बागपत के गांव बिराल झाल के निकट बरामद हुआ शव
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
कांधला। गांव खंदरावली के निकट पूर्वी यमुना नहर में डूबे युवक का शव तीन दिन बाद जिला बागपत के बिराल झाल के निकट बरामद हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया। युवक का शव मिलने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बना है।
तीन दिन पहले बृहस्पतिवार शाम को शामली क्षेत्र के गांव ऐरटी निवासी बादल उर्फ गोलू (21) पुत्र सुरेश अपने जन्म दिन पर दोस्तों के साथ कांधला थानाक्षेत्र में खंदरावली पूर्वी नहर पुल पर नहाने के लिए आया था। नहर में नहाते समय बादल पानी का तेज बहाव होने के कारण अपने दोस्तों से कुछ दूर निकल गया था और अचानक पानी में डूबकर गायब हो गया था। दोस्तों को जब वह नजर नहीं आया तो उन्होंने नहर में उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। युवक के नहर में डूबने की सूचना पर परिजनों व ग्रामीणों के साथ ही पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए थे।
सीओ कैराना अमरदीप मौर्य व तहसीलदार गौरव सांगवान ने उस दिन देर रात तक गोताखोरों की मदद से युवक की नहर में तलाश कराई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग पाया था। दूसरे दिन शुक्रवार को भी तहसीलदार गौरव सागवान ने नहर में कई स्थानों पर जाल लगाकर युवक की तलाश कराई थी। शनिवार को जनपद बागपत के गांव बिराल झाल के समीप से बादल का शव बरामद हुआ। शव मलने की सूचना पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।