कांधला। गांव श्यामगढ़ी के प्राथमिक विद्यालय में तैनात प्रधानाध्यापक को शिक्षक दिवस पर लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया। शिक्षक को मिले सम्मान से गांव के लोगों में खुशी की लहर है। खंड विकास क्षेत्र के गांव गंगेरू निवासी ओमबीर सिंह वर्ष 1997 में जलालाबाद के प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक के रूप में तैनात हुए।
बाद में ओमवीर सिंह का तबादला गंगेरू और उसके बाद कैराना ब्लाक के गांव झारखेड़ी में हुआ। वर्ष 2015 में ओमवीर कन्या उच्चतर प्राथमिक विद्यालय गांव गढ़ीश्याम में सेवा देने के लिए पहुंच गए। ग्रामीणों के अनुसार उस समय विद्यालय में मात्र 25 छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण कर रहे थे। शिक्षक ओमवीर सिंह ने ग्राम प्रधान, पूर्व प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्यों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों, गांव के बुजुर्गों और राशन डीलरों के साथ मिलकर ग्रामीणों को अपने बच्चों को विद्यालय में पढ़ने के लिए प्रेरित किया।
शिक्षक ओमवीर सिंह की मेहनत के चलते आज विद्यालय में 125 छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण कर रहे है। वहीं, विद्यालय में कंप्यूटर लैब, प्रोजेक्टर से पढ़ाई कर स्मार्ट क्लास संचालित की जा रही है। ओमवीर सिंह को शिक्षा के क्षेत्र में उनके द्वारा किए गए अच्छे कार्यों को लेकर लखनऊ के लोकभवन में शिक्षक दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के द्वारा राज्य शिक्षक पुस्कार से सम्मानित किया गया। शिक्षक ओमवीर सिंह को राज्य शिक्षक पुरस्कार मिलने से गांव और क्षेत्र और शिक्षा विभाग में खुशी की लहर है। शिक्षक ने बताया कि समारोह के दौरान राज्यपाल रामनाईक, उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा, गन्ना मंत्री सुरेश राणा, प्रभारी मंत्री अनुपमा जायसवाल सहित आदि लोग मौजूद रहे।