शामली। सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर एसोसिएशन ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार को कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। उन्होंने मांगे पूरी न होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी। बुधवार को सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर एसोसिएशन ने विभिन्न मांगों को लेकर कलक्ट्रेट में पहुंचे और प्रदर्शन किया। एसोसिएशन के अध्यक्ष चंद्रपाल सिंह ने कहा कि वे काफी समय से अपनी मांगों को पूरा करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन शासन प्रशासन द्वारा इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
कैशलेस, स्वास्थ्य कार्ड पर अभी तक कोई प्रगति नहीं की गई। जनवरी 2016 की पुनरीक्षित पेंशन का एरियर का भुगतान भी नहीं हो सका है। अन्य जनपदों में वितरित किए गए परिचय पत्र अभी तक शामली जनपद में वितरित नहीं किए गए। बसों में 50 प्रतिशत टिकट में छूट कराए जाने तथा जनपद न्यायालय को शामली में ही स्थापित किए जाने की भी मांग की। इस अवसर पर नवरत्न शर्मा, चंद्रपाल, वेद सिंह, ओमप्रकाश, चरण सिंह, ओमकार, गोरधन, मलखान, हरपाल, हरबीर आिद रहे।
बीएड का रिजल्ट जल्द से जल्द घोषित हो
शामली। बीएड के शिक्षकों ने चार वर्ष बीत जाने के बाद भी रिजल्ट घोषित ने होने को लेकर कलक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। बुधवार को कलक्ट्रेट में वर्ष 2013-14 में बीएड में सीधे प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं ने चार वर्ष बाद भी रिजल्ट घोषित होने को लेकर प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने विरोध जताते हुए रिजल्ट दो या फांसी दो के जमकर नारे लगाए। छात्र-छात्राओं का आरोप है कि उस समय यूनिवर्सिटी द्वारा शिक्षण संस्थाओं को सीधे प्रवेश लेने की अनुमति दी थी।
जिसके बाद संस्थाओं ने उनसे संपर्क कर प्रवेश किए थे। उसके बाद यूनिवर्सिटी द्वारा कोर्ट के आदेश पर सभी की परीक्षा कराई। रिजल्ट को लेकर कई बार यूनिवर्सिटी के चक्कर भी काट चुके हैं, लेकिन वह मामला कोर्ट में होने का हवाला देते हैं। छात्र-छात्राओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को देकर जल्द से जल्द रिजल्ट घोषित कराने की मांग की। इस दौरान नीशू, रवि, अरुण, पंकज, मनोज, विमल, सुभाष आदि रहे।
फर्जी शिक्षकों और शिक्षा माफिया पर कार्रवाई हो
शामली। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने फर्जी शिक्षकों, भ्रष्ट नौकरशाहों और शिक्षा माफिया के खिलाफ कार्रवाई करने, योग्य एवं प्रशिक्षित शिक्षकों को नियुक्त करने की मांग की। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री राजेश कश्यप के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बुधवार को राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एडीएम केबी सिंह को सौंपा।
कहा कि आज शिक्षा का गिरा स्तर चिंता का कारण बनता जा रहा है। राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र जैसी संस्थाएं औचित्यहीन हो गई है। शिक्षा अधिकारियों एवं शिक्षा माफिया की मिलीभगत से भ्रष्टाचार चरम सीमा पर पहुंच गया है। केवल उत्तर प्रदेश में ही उच्च शिक्षण संस्थाओं में करीब 80 हजार फर्जी शिक्षक कार्य कर रहे हैं। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग एवं राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद ऐसे फर्जी शिक्षकों को शिक्षा व्यवस्था से बाहर करने की बात कहकर इतिश्री कर लेते हैं। मौके पर रामकिशोर, अमित कुमार शर्मा, रामकुमार शर्मा, नासिर चौधरी, रमेशचंद, सागर शर्मा आदि मौजूद रहे।
पुरानी पेंशन बहाली को लेकर धरना
शामली। संयुक्त संघर्ष संचालन समिति की ओर से बुधवार को परिषदीय स्कूलों के शिक्षकों ने पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर कलक्ट्रेट में धरना दिया। जिला संयोजक संजीव मलिक ने कहा कि पेंशन सभी का बुढ़ापे का सहारा है। सभी राज्य कर्मचारी मांग को लेकर राज्य व केंद्र सरकार को कई बार ज्ञापन भी दे चुके है। मांग पूरी होने तक सभी कर्मचारी, अधिकारी, शिक्षक ऐसे ही धरना प्रदर्शन व आंदोलन करते रहेंगे। जिसके बाद शिक्षकों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा। मौके पर संजीव मलिक, खलील अहमद, गौरव कुमार, अजय तोमर, नवीन मलिक, महेश, बबीता, कमलेश आदि मौजूद रहे।