शामली। उत्तर प्रदेश बार एसोसिएशन के आह्वान पर टैक्सेशन बार एसोसिएशन शामली द्वारा वाणिज्य कर कार्यालय के बाहर धरना दिया। अधिवक्ताओं ने डिप्टी कमिश्नर प्रशासन सत्य प्रकाश को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा।
सोमवार को शहर के करनाल रोड वाणिज्य कर कार्यालय के बाहर धरना देते हुए टैक्सेशन बार एसोसिएशन शामली के अध्यक्ष श्यामलाल कहा कि नवीनतम सुधार के अंतर्गत जीएसटी के प्रावधान लागू किए गए हैं, लेकिन वर्तमान में जीएसटी के क्रियान्वयन में अनेक उप नियम तथा औपचारिकताएं ही इसके लागू होने में बाधा बनी हुई है। महीने की अंतिम तिथि से तीन-चार दिन पहले तो यह लगभग पूरी तरह से ठप हो जाता है। जीएसटी पोर्टल में सुधार करने की मांग की है। धरने में विचित्र विजय गुप्ता ने जीएसटी आर 9 फार्म की डेट बढ़ाए जानेकी मांग की। मौके पर विनोद गोयल, सतपाल सिंह, गौरव मित्तल आदि मौजूद रहे।