जलालाबाद। शीतकालीन भ्रमण के तहत बृहस्पतिवार को डीएम ने लोहिया गांव हसनपुर लुहारी में चौपाल लगाई। ग्रामीणों ने टंकी का पानी सभी घरों में न पहुुंचने व खस्ताहाल सड़कों की शिकायत की। जिस पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।
हसनपुर लुहारी के प्राइमरी पाठशाला में आयोजित चौपाल में डीएम ओपी वर्मा ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इससे पूर्व उन्होंने स्वास्थ्य कार्यक्रमों के तहत चलाई जा रही योजनाओं की स्थिति देखी। साथ ही गांव में तालाब, समाजवादी पेंशन, लोहिया आवास आदि का सत्यापन किया।
इस दौरान डीएम के समक्ष ग्रामीणों ने गांव में लगी टंकी का पानी घरों तक न पहुुंचने की शिकायत की। जिस पर डीएम ने ऐसे स्थानों पर पानी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इसके अलावा गांव की पुरानी बिजली लाइन बदलने, खराब पड़े हैंडपंपों को ठीक कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
डीएम ने कहा कि यदि गांव में किसी के यहां शौचालय नहीं है, तो वह स्वच्छ भारत मिशन योजना के तहत शौचालय के लिए आवेदन करें। लोहिया आवासों के निरीक्षण को पहुंचे डीएम को मकानों में खिड़की और दरवाजे नहीं मिले। जिस पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान ग्रामीणों ने जन सूचना केन्द्र संचालक पर फार्म भरने के नाम पर अवैध वसूली का आरोप लगाया। जिस पर डीएम ने जन सेवा केन्द्र संचालक को कड़ी फटकार लगाई।
इस दौरान पीडी बलिराम, जिला कृषि अधिकारी आनंद त्रिपाठी, डीपीआरओ नरेन्द्र बहादुर सिंह, सीवीओ डॉ. भूपेन्द्र सिंह आदि समेत सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।