शामली। प्रदेश में वैरिएंट डेल्टा प्लस की दस्तक से संक्रमण का खतरा बढ़ गया है, लेकिन इसके बाद भी बेपरवाह बने हुए हैं। कोरोना की तीसरी लहर की आशंका के बाद भी लोगों की लापरवाही कम नहीं हो रही है। लोग बचाव के लिए सावधानी नहीं बरत रहे हैं। बाजार और सार्वजनिक स्थानों पर भीड़ में कोविड-19 गाइड लाइन का पालन नहीं किया जा रहा है, जिससे कोरोना संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कोरोना की तीसरी लहर की आशंका लगातार जताते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं, लेकिन इसके बाद भी बाजार हो या सड़क या अन्य कोई सार्वजनिक स्थान हर जगह भीड़ रहती है। इस दौरान सोशल डिस्टेंस का पालन करना तो लोग भूल चुके हैं। मास्क लगाने से भी लोग बचने लगे हैं। इस तरह की लापरवाही भारी पड़ सकती है। वह भी ऐसे में जब प्रदेश में वैरिएंट डेल्टा प्लस दस्तक दे चुका है। ऐसी स्थिति में लोगों को और अधिक सतर्कता बरतने की जरूरत है।
जिला संयुक्त चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. सफल कुमार का कहना है कि जिले में भले ही कोरोना के केस कम हो रहे हो, इसके बाद भी लोगों को कोविड-19 की गाइड लाइन का पालन करते हुए सावधानी बरतने की जरूरत है। भीड़ में लोगों की लापरवाही रही तो फिर से कोरोना संक्रमण फैलने का खतरा बन सकता है। जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकले और अनावश्यक रूप से भीड़ में न तो जाएं।
---
ये बरतें सावधानी
- घर से बाहर निकलने पर फेस मास्क अवश्य लगाएं।
- भीड़ में जाने से बचे, सोशल डिस्टेंस का पालन करें।
- साबुन या सैनिटाइजर से बार-बार हाथ साफ करते रहें।
- जरूरी होने पर घर से बाहर निकलें।
- सर्दी, जुकाम, खांसी या बुखार होने पर तुरंत चिकित्सक की सलाह से उपचार कराएं।
----
दूसरे दिन भी नहीं मिला कोरोना संक्रमित
शामली। डीएम जसजीत कौर ने बताया कि बृहस्पतिवार को जिले में कोरोना का कोई नया केस नहीं मिला है। कोरोना के दो मरीज स्वस्थ होने पर उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है। जिले में अब सक्रिय केस की संख्या 13 रह गई है। इससे पहले दिन बुधवार को भी कोरोना का कोई नया केस नहीं मिला था। डीएम ने कहा कि कोविड-19 के केस बहुत कम आ रहे हैं, जो जनपद के लिए राहत की बात है। कोविड-19 की संभावित तीसरी लहर के दृष्टिगत सभी को सचेत रहना है और किसी भी प्रकार की ढ़िलाई नहीं छोड़नी है। दो गज दूरी और मास्क का जरूरी का पालन हमेशा करना है। 18 वर्ष से ऊपर वाले सभी अपना कोविड-19 का टीकाकरण जरूर करवाएं।