जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाएं: प्रह्लाद मोदी
कांधला (शामली)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाई एवं प्रधानमंत्री जन कल्याण कारी प्रचार-प्रसार योजना के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रह्लाद मोदी का कस्बे में पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी को मजबूत करने के साथ लोगों को सरकार के द्वारा चलाई जा रहीं योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए कहा।
सोमवार को प्रधानमंत्री जनकल्याण कारी प्रचार प्रसार योजना के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रह्लाद मोदी अपने काफिले के साथ कस्बे में पहुंचे। कस्बे में पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका फूल माला पहनाकर भव्य स्वागत किया। कैराना रोड स्थित सेंट द्रोण पब्लिक स्कूल में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रह्लाद मोदी ने कहा कि सभी कार्यकर्ता अपनी-अपनी बूथ कमेटियों को मजबूत करें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र और राज्य सरकार के द्वारा चलाई जा रहीं योजनाओं को गरीब, मजदूर लोगों तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी के निधन पर दुख प्रकट करते हुए दो मिनट का मौन धारण कर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस मौके पर क्षेत्रीय अध्यक्ष सेवाराम मलिक, राजीव शर्मा, जाहिद राज, अमित जैन, रमा श्रीवास्तव, अब्दुल करीम अंसारी, शैलेश कुमार सिंह शैलू, दुर्गेश वाजपेयी सहित आदि मौजूद रहे।