शामली। जिला उद्योग बंधु की बैठक में डीएम ने उद्यमियों से आह्वान किया कि नई उद्योग नीति की जानकारी प्राप्त कर जनपद में प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के अंतर्गत ऋण लेकर नए उद्योगों की स्थापना करें। वहीं, उद्यमियों ने अपनी विभिन्न समस्याएं बैठक में उठाकर निस्तारण की मांग की।
शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला उद्योग बंधु की बैठक हुई। जिसमें जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि शामली जनपद रिम और धुरे के लिए जाना जाता है। नई उद्योग नीति की जानकारी प्राप्त करके युवा उद्यमी नए उद्योग लगाएं तथा बेरोेजगार युवकों को रोजगार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। प्रदेश में नये उद्योग स्थापित करने हेतु प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के अंतर्गत ऋण भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
उद्यमियों को उसका लाभ लेना चाहिए। वहीं, इंडियन इंडस्ट्री एसोसिएशन शामली चैप्टर के चेयरमैन वेदप्रकाश आर्य ने कंडेला इंडस्ट्री एरिया में स्ट्रीट लाइटें लगवाने की मांग की। तो अंकित गोयल ने शहर में लगने वाले ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात दिलाने की बात कही।
इसके अलावा उद्यमियों ने कैराना रोड स्थित पोल्ट्री फार्म पर एकतरफा कार्रवाई करने का आरोप लगाते हुए रोष जताया। इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि एनजीटी में शिकायत होने के बाद प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के निर्देश पर नियमानुसार पोल्टहरी फार्म पर सील लगाई गई, उसमें किसी तरह का पक्षपात नहीं किया गया है। बैठक में जिला उद्योग केंद्र के सहायक आयुक्त दीपेंद्र कुमार, सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह के अलावा आलोक जैन, अजय संगल, नरेंद्र अग्रवाल, अशोक मित्तल, सुमन गुप्ता, निखिल ऐरन, अनुज कुमार गर्ग, सुनील गुप्ता, आशीष जैन, अमित गोयल आदि रहे।