शामली। भूटान में हुई अंतर्राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में शामली के बीएसएम स्कूल के छात्र-छात्राओं ने तीन मेडल जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। पदक जीतकर लौटने पर स्कूल में छात्रों का सम्मान किया गया। वहीं, आरवी फाइट क्लब के तीन खिलाड़ियों ने भी इसी प्रतियोगिता में तीन पदक जीते।
बीएसएम स्कूल से कक्षा 11 के वैभव कुमार और शुभम कुमार तथा कक्षा-8 की तोषी चौहान ने टीएफआई के तत्वावधान में 16 से 19 अक्तूबर तक देहरादून में स्वर्ण पदक जीतकर अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए भारतीय टीम में स्थान बनाया था। भारतीय टीम के कोच जावेद खान के नेतृत्व में 45 खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए भूटान भेजा गया।
भूटान ओलंपिक एसोसिएशन की ओर से यह प्रतियोगिता 17 से 19 दिसंबर तक कराई गई। जिसमें बीएसएम स्कूल के वैभव कुमार ने पहले मुकाबले में चुग जदेश के खिलाड़ी को हराया। दूसरे मुकाबले में भूटान के खिलाड़ी को हराने के बाद सेमीफाइनल में हांगकांग से कड़ा मुकाबला करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। शुभम कुमार ने पहले मुकाबले में चीन के खिलाड़ी को कड़ी टक्कर दी और दूसरे मुकाबले में हांगकांग के खिलाड़ी को हराया। सेमीफाइनल में शुभम ने कांस्य पदक प्राप्त किया।
तोषी चौहान ने सेमीफाइनल में चुग देश के खिलाड़ी को हराने के बाद फाइन में भूूटान के खिलाड़ी को कड़ी टक्कर में रजत पदक जीता। भूटान ओलंपिक एसोसिएशन ने विजयी खिलाड़ियों को मेडल और ट्राफी देकर सम्मानित किया। इस दौरान भूटान नरेश जिग्मे खेसर नेमगेल वांगचुक भी मौजूद रहे।
स्कूल चेयरमैन सूर्यवीर सिंह, मैनेजर छाया सिंह, उपप्रधानाचार्य विकास मोहन केडिया, ताइक्वांडो कोच विकास सैनी, खेल विभागाध्यक्ष नगेंद्र खैवाल, उमेश दत्त तथा सभी अध्यापकों ने छात्र-छात्राओं का सम्मान किया।