जिला अस्पताल में ओपीडी में लगी मरीजाें की भीड़। संवाद
शामली। कभी बारिश तो कभी उमस भरी गर्मी लोगों के स्वास्थ्य पर भारी पड़ रही है। इस मौसम में वायरल बुखार के मरीज बढ़ रहे हैं। मरीजों में डेंगू के लक्षण मिलने पर चिकित्सक जांच करा रहे हैं, लेकिन अभी तक किसी मरीज में डेंगू की पुष्टि नहीं हुई है।
जिले का मौसम बार-बार बदल रहा है। बारिश होने पर तापमान में गिरावट आ रही तो धूप निकलने पर तापमान बढ़ रहा है। तापमान में उतार-चढ़ाव और मौसम में नमी बनने से लोग वायरल संक्रमण का शिकार हो रहे हैं। जिला अस्पताल में ओपीडी में 1200 के आसपास मरीज रोजाना आ रहे हैं। इनमें 400 मरीज वायरल संक्रमण से पीड़ित होते हैं। वायरल बुखार के करीब 95 मरीज रोजाना पहुंच रहे हैं। खास बात ये है कि बुखार के मरीजों में डेंगू के लक्षण मिल रहे हैं।
मरीजों की प्लेटलेट्स कम हो रही है। लेकिन जांच में वायरल बुखार ही मिल रहा है। फिजिशियन डॉ. सचिन मलिक ने बताया कि बरसात और उमस भरा मौसम स्वास्थ्य को प्रभावित कर रहा है। वायरल बुखार में भी डेंगू जैसे लक्षण मिल रहे हैं।
मरीज को इससे घबराना नहीं चाहिए और चिकित्सक की सलाह से जांच करानी चाहिए। उधर, जिला मलेरिया अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि इस वर्ष में डेंगू के लक्षण वाले 302 मरीजों की एलाइजा जांच कराई गई है लेकिन अभी किसी मरीज में डेंगू की पुष्टि नहीं हुई है।