शामली। जिलेभर में हरियाली तीज धूमधाम से मनाई गई। महिलाओं ने मेहंदी रचाई और दोपहर में जगह -जगह महिलाओं ने झूले डाले और झूले झूलकर सावन के गीत गाए। सावन के गीत, कच्चे नीम की निंबोली, सावन जल्दी आयो रे। शहर के हनुमान धाम पर शाम के समय हरियाली तीज महोत्सव आयोजित किया गया। महिलाओं की भीड़ उमड़ पड़ी। श्री राधाकृष्ण सुंदर, साड़ी बंधन सौंदर्य व मेहंदी प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
सोमवार को हरियाली तीज के उपलक्ष्य में घरों में तरह तरह के स्वादिष्ट व्यंजन बनाए गए। नवविवाहिता के घरों में ससुराल से सावन का पहला सिंधारा आया, जिसमें तरह- तरह के उपहार लाए गए। बहनों के यहां पर भाइयों ने सिंधारा भेजकर उपहार भेंट किए। दोपहर में कई सार्वजनिक स्थानों व घरों में महिलाओं ने झूला डाला। महिलाएं जमकर झूली। सावन के गीत गाए, जिनमें कच्चे नीम की निंबोली, सावन जल्दी आयो रे, ऐसा बादल बरसो नहीं, सावन के गीत गाए गए। शाम पांच बजे हनुमान धाम पर स्थित अग्रसेन बारात घर में हरियाली तीज महोत्सव पर महिलाओं के लिए झूले लगाए गए।
महिलाएं झूला झूलीं। इस मौके पर मेहंदी प्रतियोगिता, जूनियर व सीनियर आयोजित की गई। राधाकृष्ण सौंदर्य प्रतियोगिता में 19 बच्चों ने हिस्सा लिया। साड़ी बंधन सौंदर्य प्रतियोगिता में 35 महिलाओं ने भाग लिया। इस मौके पर डाक्टर छवि संगल, सुदेश संगल, शशि अरोरा, मीनाक्षी मित्तल, कीर्ति कांबोज आदि महिलाएं निर्णायक मंडल में शामिल रहीं। हरियाली तीज महोत्सव में महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कार्यक्रम का संचालन उत्तम नामदेव द्वारा किया गया।
हनुमान धाम के प्रधान सलील द्विवेदी, सचिव राजकुमार मित्तल व संस्था के कोषाध्यक्ष जोगेंद्र पाल सेठी की ओर से सभी महिलाओं को हरियाली तीज की शुभकामनाएं दी गई। हनुमान धाम की ओर से श्रीराधाकृष्ण सौदर्य प्रतियोगिता में विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।