महिला ने पति से जताया अपनी व बच्चों की जान का खतरा, एसपी से सुरक्षा की गुहार
पति के नाम से कई फर्जी पासपोर्ट और आधार कार्ड होने का लगाया आरोप
एसपी के आदेश पर शहर कोतवाली में दर्ज हुई रिपोर्ट, जांच शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। शहर के मोहल्ला सरवरपीर निवासी महिला ने अपने पति के आपराधिक व देश विरोधी गतिवधियों में लिप्त होने की आशंका जताते हुए कई फर्जी पासपोर्ट, आधार कार्ड और मार्कशाीट बनवाने का आरोप लगाया। पीड़िता का आरोप है कि पति ने मुंह खोलने पर उसे व उसके दोनों बच्चों को जान से मारने की धमकी दी है। एसपी के आदेश पर शहर कोतवाली में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पीड़िता मनीषा ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसका निकाह शामली के ही युवक के साथ 26 नवंबर 2017 को हुआ था। उसका पति दो वर्षों से घर से अक्सर गुम रहता है। उसने अपने पति के बारे में पता लगाने की कोशिश की तो उसने बताया कि वो देहरादून में बाउंसर की नौकरी कर रहा है। पीड़िता के मुताबिक उसे शक हुआ तो उसने अपने पति के सामान को खोजा, जिसमें पति के नाम से कई फर्जी आधार कार्ड, कई फर्जी पासपोर्ट, कई फर्जी मार्कशीट व अन्य प्रपत्र मिले। जब उसने अपने पति से फोन पर संपर्क किया तो वह आग बबूला हो गया और कहा कि अगर किसी को बताया तो उसे व उसके दोनों बच्चों को मार देगा।
इसी बीच एक दिन उसका पति अचानक घर पर आया और उसके साथ मारपीट कर सारे कागज ले जाने लगा। पीड़िता का कहना है कि उसने कुछ कागज उसके हाथ से छीन लिए। पीड़ित ने पति से जान का खतरा बताते हुए एसपी से इस मामले की जांच कराने और उसकी व उसके बच्चों की जान माल की सुरक्षा की गुहार लगाई। एसपी रामसेवक गौतम के आदेश पर शहर कोतवाली में आरोपी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
वर्जन
एसपी रामसेवक गौतम का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी को पकड़कर पूछताछ की जाएगी। पूछताछ में जो असलियत सामने आएगी, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
खुफिया विभाग हुआ सतर्क, जांच में जुटा
महिला द्वारा अपने पति पर देश विरोध गतिविधियों में आशंका जताए जाने का मामला सामने आने पर पुलिस के साथ खुफिया एजेंसियां भी सक्रिय हो गई हैं। जांच एजेंसियों ने अपने स्तर से मामले में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक जांच में कुछ स्पष्ट नहीं हो पाया है।