शामली ड्रोन कैमरे से नानूपरा व तिमरसा मौहल्ला की निगरानी कराते पुलिसकर्मी
- फोटो : SHAMLI
हॉटस्पॉट इलाकों में हो रही ड्रोन कैमरों से निगरानी
शामली। कोरोना संक्रमित प्रभावित हॉटस्पॉट इलाकों में ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई। जुमे की नमाज को लेकर भी पुलिस अलर्ट रही। एसपी ने हॉटस्पॉट इलाकों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
शुक्रवार को लॉकडाउन में पुलिस जुमे की नमाज के दौरान सतर्कता बरती। धर्मस्थलों के आसपास पुलिस तैनात रही। हालांकि कहीं पर सामूहिक रूप से नमाज पढ़ने की जानकारी नहीं मिली। उधर, जनपद में कोरोना संक्रमित प्रभावित चिह्नित किए गए हॉटस्पॉट इलाकों में सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल तैनात रहा। ड्रोन कैमरे से भी निगरानी की गई। एसपी विनीत जायसवाल ने चिह्नित किए गए हॉटस्पॉट इलाके शामली के मोहल्ला नानुपुरी तिमरसा, थानाभवन के भैंसानी इस्लामपुर और कस्बा झिंझाना में निरीक्षण किया। कहा कि महामारी अधिनियम के तहत मुंह पर मास्क लगाना अनिवार्य किया गया है। उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि मास्क न लगाने व मुंह पर गमछा, दुपट्टा न लपेटने वालों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई करें। एसपी ने सील किए गए हॉटस्पॉट क्षेत्रों में परिवारों के लिए जरूरी सेवाएं पहुंचाने की व्यवस्था की जानकारी ली।