शामली के तिमरसा क्षेत्र में भ्रमण करते डीएम और एसपी।
- फोटो : SHAMLI
शामली। कोरोना संक्रमण प्रभावित सील किए गए जनपद के तीनों हॉट स्पॉट इलाकों में पुलिस और पीएसी बल तैनात किया गया। इसके अलावा ड्रोन कैमरों से भी इन इलाकों की निगरानी की गई। दमकल की गाड़ी से इलाके को सैनिटाइज किया गया।
एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि जनपद में कोरोना संक्रमण प्रभावित क्षेत्र शामली के नानुपुरी मोहल्ला (तिमरसा) में 10 स्थानों पर बल्ली चाली से बेरिकेडिंग कर गलियों को सील किया गया। दो शिफ्टों में पुलिस की ड्यूूटी लगाई गई। एक शिफ्ट में तीन उपनिरीक्षक 15 आरक्षी और डेढ़ सेक्शन पीएसी तैनात करने के साथ मोहल्ले में मोबाइल बाइक टीम लगाई गई। थानाभवन क्षेत्र के गांव भैंसानी इस्लामपुर में सात प्वाइंट पर बल्ली, चाली और बैरियर से पूरे गांव को सील कर दिया। यहां पर भी दो शिफ्टों में पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है। एक शिफ्ट में दो उपनिरीक्षक, 14 आरक्षी और डेढ़ सेक्शन पीएसी के साथ थाना मोबाइल और अतिरिक्त मोबाइल टीमें गांव में लगाई गई है।
कस्बा झिंझाना में सात प्वाइंट को सील किया गया। यहां एक शिफ्ट में एक उपनिरीक्षक, आठ कांस्टेबल, दो होमगार्ड और डेढ़ सेक्शन पीएसी और कस्बे के अंदर लगातार निगरानी को दो बाइक की पुलिस टीम, एक थाना मोबाइल, एक जीप मोबाइल लगाई गई है। सीलिंग व्यवस्था की निगरानी के लिए शामली में सीओ सिटी, इस्लामपुर भैंसानी में सीओ भवन और झिंझाना में सीओ कैराना नियुक्त किया गया है। तीनों हॉट स्पॉट की ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है। इन क्षेत्रों में दमकल की गाड़ी से सैनिटाइज कराया गया है।