शामली। इंडस्टि्रयल फीडर के बिजलीघर में तकनीकी फाल्ट के चलते बुधवार को दो घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिसके कारण उद्यमियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके अलावा बनत में हादसा होने से बचने के बाद केबिल बदलने का कार्य किया गया।
बुधवार को इंडस्टि्रयल एरिया के बिजलीघर की मशीन में अचानक ही तेज धमाके साथ फाल्ट हो गया। जिसके कारण आपूर्ति बाधित हो गई। उद्यमी अंकित गोयल, सुनील कुमार, संदीप कुमार ने कहा कि आए दिन फाल्ट के कारण आपूर्ति बाधित रहने से परेशानी होती है। आपूर्ति में सुधार की मांग की है। जेई का कहना है कि टीम को मौके पर भेजकर आपूर्ति को सुचारु कराया गया।
इसके बाद बनत में कुड़ाना मार्ग पर जर्जर तार टूटकर गिर गया था, जिसकी चपेट में आने से 32 स्कूली बच्चे बाल-बाल बचे थे। तार टूटने की घटना के बाद बिजली विभाग की टीम ने गांव में बिजली के तार बदले। एक्सईएन तृतीय शशांक शेखर ने बताया कि जल्द ही सभी स्थानों के जर्जर तारों को बदलने का कार्य किया जाएगा। प्रयास रहेगा कि लोगों को परेशानी नहीं होने दी जाए।
- 50 स्थानों पर बिजली चोरी पकड़ी
एक्सईएन ने बताया कि बिजली चोरों के खिलाफ जिलेभर में विशेष अभियान चलाया गया है, जिसके तहत शामली, कैराना और देहात क्षेत्र में पचास स्थानों पर बिजली चोरी पकड़ी गई। सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।