शामली। शहर के लोगों को पिछले तीन दिन से बिजली कटौती से निजात नहीं मिल पा रही है। शनिवार की सुबह कैराना रोड पर इंसुलेटर फुंकने और अज्ञात वाहन के लाइन में टक्कर मारने के कारण शहर की दयानंद नगर, कमला काॅलोनी, कैराना रोड, कौशांबी विहार कॉलोनी में सात घंटे तक आपूर्ति बाधित रही, जिसके कारण लोगों को पेयजल समस्या से भी जूझना पड़ा। लोगों ने समस्या के समाधान की मांग की है।
दरअसल, शनिवार की सुबह करीब तीन बजे कैराना रोड पर बिजली लाइन के खंभे में किसी वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे आसपास क्षेत्र की आपूर्ति पूरी तरह से बाधित हो गई। इसके अलावा इन्सुलेटर भी खराब हो गया।
दयानंद नगर, कमला काॅलोनी, कैराना रोड, कौशांबी विहार कॉलोनी में सुबह तीन से लेकर दस बजे तक आपूर्ति पूरी तरह से गुल रही। मामले की सूचना पाते ही ऊर्जा निगम की टीम मौके पर पहुंची। किसी तरह आए फाल्ट को दूर कर आपूर्ति को सुचारु कराया गया।
बिजली कटौती के कारण इन्वर्टर भी जवाब दे गए। सुबह के समय होने वाली आपूर्ति भी लोगों को नहीं मिल सकी।
जिसके कारण लोगों को हैंडपंपों आदि से पानी भरने को मजबूर होना पड़ा। जेई सौरभ कुमार का कहना है कि फाल्ट के कारण लोगों को परेशानी हुई। अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी गई है।