कैराना क्षेत्र के गांव अकबरपुर सुन्हेटी में ग्रामीण से जानकारी लेते एसपी।
- फोटो : अमर उजाला
शामली के कैराना में ब्रह्मपाल की हत्या के बाद सुर्खियों में आए अकबरपुर सुन्हेटी में स्थायी पुलिस चौकी की स्थापना के लिए पुलिस अधीक्षक डॉ. अजय पाल शर्मा ने पंचायत घर का निरीक्षण किया। उन्होंने मृतक ब्रह्मपाल के भाई से भी अलग से बात कर हालात का जायजा लिया।
20 नवंबर की रात अकबरपुर सुन्हेटी में ब्रह्मपाल की सोते समय गोली मार कर हत्या कर दी थी। इससे सात माह पूर्व भी ब्रह्मपाल के भाई संगत की पत्नी गुड्डी के अपहरण और दुराचार के बाद हत्या कर दी गई थी। दोनों हत्याओं में दूसरे समुदाय के लोगों के नाम मुकदमे दर्ज कराए गए थे। गांव में तनाव को देखते हुए स्थायी पुलिस चौकी बनाए जाने की घोषणा की गई थी।
बृहस्पतिवार को पुलिस अधीक्षक डॉ. अजय पाल शर्मा और कोतवाली प्रभारी उमेश रोरिया अकबरपुर सुन्हेटी पहुंचे। एसपी ने गांव में स्थायी पुलिस चौकी के लिए पंचायत घर का निरीक्षण किया। उन्होंने गांव के मंदिर परिसर और सरकारी अस्पताल परिसर में नई पुलिस चौकी के निर्माण तक पुलिस कर्मियों को अस्थायी तौर पर ठहरने के लिए भी निरीक्षण किया।
एसपी ने मृतक ब्रह्मपाल के भाई और हत्या के मुकदमे के वादी रमेश कश्यप से भी बंद कमरे में बात की। एसपी ने कहा कि गांव मे बहुत जल्द ही पुलिस चौकी की स्थापना होगी और पीड़ित परिवार को किसी भी तरह की दिक्कत नहीं होने दी जाएगी।