शामली में धूप से बचने के लिए कपड़ा ढक कर जाती युवतियां । संवाद
शामली। जिले में इस वर्ष अब तक सबसे गर्म रविवार का दिन रहा। भीषण गर्मी और गर्म हवा चलने के कारण लोग पसीने से तरबतर रहे। अधिकतम तापमान बढ़कर 40 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहा।
जिले में तापमान लगातार बढ़ने के कारण गर्मी बढ़ती जा रही है। रविवार को दिन निकलते ही सूर्य की तपिश से लोग परेशान रहे। चिलचिलाती धूप और गर्म हवा से लोग बेहाल रहे। दिनभर पसीने से तरबतर रहे और गर्मी से बचने के लिए छांव की तलाश करते नजर आए। लोग धूप से बचने के लिए सिर और मुंह पर कपड़ा लपेटकर जाते हुए दिखाई दिए। दोपहर में लोग घरों से बाहर नहीं निकले, जिस कारण सड़कों और बाजारों में सूनापन छाया रहा। शाम पांच बजे के बाद गर्मी का असर कम होने के कारण लोग घरों से बाहर निकले। इसके बाद बाजार में ग्राहकों की भीड़ रही। इस वर्ष में अब तक जिले का अधिकतम तापमान कई बार 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था। रविवार को पहली बार अधिकतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस बढ़कर 40 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस वर्ष का अब तक सबसे अधिक है। न्यूनतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस बढ़कर 27 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा की गति तीन किलोमीटर प्रति घंटा रही। सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय मेरठ के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर यूपी शाही ने बताया पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिकतर जिलों में मौसम शुष्क रहने और तापमान बढ़ने के आसार हैं।
शामली में धूप से बचने के लिए कपड़ा ढक कर जाती युवतियां । संवाद