शामली। मौसम का बदलाव लोगों की सेहत पर भारी पड़ रहा है। गर्मी बढ़ने से बीमारियां फैल रही हैं। सरकारी और निजी अस्पतालों में उल्टी, दस्त और बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ रही है।
मई महीना जाने को है और भयंकर गर्मी पड़ रही है। इसके चलते बीमारियां उत्पन्न हो रही हैं। बीमारियों के कारण शामली सीएचसी में रोजाना करीब एक हजार मरीज आ रहे हैं। आंकड़ों की बात करें तो शामली सीएचसी में मार्च में 14 हजार और अप्रैल में 15 हजार से अधिक नए मरीज आए। जबकि मई माह में 23 मई तक 19 हजार से अधिक मरीज आ चुके हैं। डॉक्टर जगमोहन का कहना है कि मौसम का बदलाव है, अभी ओर भी मरीज बढ़ने का आशंका है।
अस्पताल में सबसे अधिक मरीज बुखार से पीड़ित आ रहे हैं। कुछ दिनों से उल्टी दस्त के मरीजों की संख्या भी बढ़ी है। उन्होंने बताया कि मौसम के बदलाव के चलते खुजली के मरीजों को परेशानी हो रही है।
उधर, शामली अस्पताल में एक तरफ मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है, वहीं अस्पताल में संसाधनों का टोटा है। जिला अस्पताल के रूप में काम कर रही शामली सीएचसी में फिजिशियन तक नहीं है।
अस्पताल में बाल रोग विशेषज्ञ समेत छह डाक्टरों की कमी है। चिकित्साधीक्षक डॉ. जगमोहन का कहना है कि मौसम के बदलाव के चलते मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है, हमारे यहां फिजिशियन की तैनाती नहीं है, बावजूद इसके मरीजों को उपचार दिया जा रहा है।