दरगाहपुर में श्मशान की भूमि पर चल रहा गन्ना तौल केंद्र
झिंझाना। गांव दरगाहपुर में श्मशान की भूमि पर ग्रामीणों ने अवैध कब्जा कर रखा है। एक श्मशान की भूमि पर थानाभवन शुगर मिल का गन्ना तौल केंद्र चल रहा है, लेकिन उसका किराया किसे मिल रहा है इसकी जानकारी से खुद ग्राम प्रधान ने अनभिज्ञता जताई है।
करीब दो हजार की आबादी वाले गांव दरगाहपुर में अधिकांश लोग किसान और पशुपालक हैं। गांव में गोबर डालने के लिए ग्राम समाज की तरफ से छोड़े गए खाद के गड्ढों पर कुछ लोगों का कब्जा है। नतीजतन ग्रामीण गोबर आदि को श्मशान की भूमि पर डाल रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार गांव में झिंझाना मार्ग स्थित श्मशान का रकबा लगभग पांच बीघा है, लेकिन मौके पर करीब तीन बीघा बचा हुआ है। चोंदाहेड़ी मार्ग पर स्थित श्मशान पर भी अतिक्रमण किया हुआ है। इनके अलावा तीसरा श्मशान गांव से पुरमाफी मार्ग पर है। इस भूमि पर बजाज शुगर मिल थानाभवन का गन्ना तौल केंद्र लगाया हुआ है।
कोट
गांव में खाद के गड्ढों पर गांव कुछ लोग काबिज होकर उसमें अपनी खेती कर रहे हैं। इस कारण अन्य लोगों ने अपना खाद श्मशान की भूमि पर डाला हुआ है।
शांता कुमार ,पूर्व प्रधान
कोट
गांव में बच्चों के लिए खेल मैदान भी नहीं है। इस पर भी ग्रामीणों ने अवैध कब्जा किया हुआ है, जिसे कई वर्ष पूर्व शासन ने कब्जा मुक्त कराकर कब्जा करने वालों पर कार्रवाई भी की थी।
ओमकार सिंह ,ग्रामीण
कोट
अगर सभी ग्रामीण अपना गोबर अपने खेत में इकट्ठा करे तो समस्या स्वयं ही समाप्त हो जाएगी। गांव को इस समस्या का मिलकर समाधान करना चाहिए।
सुभाष सरोहा,ग्रामीण
कोट
गांव में जिस बिरादरी से जुड़े श्मशान है, उन्हीं बिरादरी के कुछ लोगों ने गोबर डाला हुआ है। पुरमाफी मार्ग पर स्थित करीब पांच बीघा जमीन दरगाहपुर की और 13 बीघा भूमि में श्मशान गांव ताना के है, लेकिन ग्रामीणों ने उसे बजाज शुगर मिल थानाभवन को देकर उसमें गन्ना तौल सेंटर लगाया हुआ है। पता चला है कि मिल से करीब 12 हजार रुपये किराया भी आता है, लेकिन ये किसके पास है उन्हें नहीं पता। परमेंद्र ,ग्राम प्रधान
एसडीएम को रिपोर्ट भेजेंगे -सचिव
ग्राम सचिव सोनू मलिक का कहना है कि श्मशान की भूमि पर शुगर मिल का गन्ना तौल सेंटर बिना ग्राम समाज की अनुमति के अवैध रूप से लगाया गया है। इसकी रिपोर्ट एसडीएम ऊन को भेजी जाएगी।
कोट
श्मशान की भूमि पर कब्जा होने की जांच हल्का लेखपाल और कानूनगो को मौके पर भेजकर कराई जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। इस बात की भी जांच कराई जाएगी कि किसकी स्वीकृति से शुगर मिल ने अपना गन्ना तौल सेंटर वहां लगाया है।
उदभव त्रिपाठी, एसडीएम ऊन
कोट
गन्ना तौल सेंटर दरगाहपुर और ताना गांव के रकबे में लगाया हुआ है, लेकिन जानकारी नहीं है कि किराया किसे दिया गया है। इसका पूरा रिकार्ड देखने के बाद पता चलेगा।
लेखपाल सिंह, एजीएम केन, थानाभवन मिल