गन्ना मंत्री ने गरीब बस्ती को स्वयं किया सैनिटाइज
शामली, थानाभवन। कोरोना के बढ़ते प्रकोप के चलते प्रदेश के गन्ना मंत्री सुरेश राणा ने स्वच्छता मिशन के तहत सैनिटाइज कार्यक्रम में हिस्सेदारी करते हुए खुद बस्ती में सैनिटाइज किया। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री की प्रेरणा से गांव-गांव और निकाय में स्वच्छता मिशन के तहत सैनिटाइज अभियान चल रहा है। उन्होंने भी सैनिटाइजिंग अभियान में हिस्सेदारी की है।
शुक्रवार को प्रदेश के गन्ना मंत्री सुरेश राणा ने अपने पैतृक कस्बे थानाभवन में सैनिटाइजिंग अभियान में हिस्सेदारी करते हुए गरीब बस्ती में जाकर खुद सैनिटाइज किया। उन्होंने कहा कि कोरोना से मुक्ति के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गांव व निकाय में भारत स्वच्छता मिशन के तहत सैनिटाइज करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने अपील की कि सब मिलकर इस महामारी से लड़ें और इसे दूर भगाएं। उन्होंने लोगों से कोरोना संकटकाल में ज्यादातर अपने घर में ही रहने को कहा।
शामली की अपर दोआब चीनी मिल के वरिष्ठ गन्ना प्रबंधक दीपक राणा ने बताया कि शामली चीनी मिल की ओर से शामली तहसील में कलक्ट्रेट, जिला कोषाधिकारी कार्यालय, विकास भवन, पुलिस लाइन, आदर्श मंडी थाना, डीसीओ कार्यालय, शहर कोतवाली समेत कई गांवों में कोरोना बचाव के लिए सैनीटाइजेशन किया गया।
उधर जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक शर्मा ने बताया कि ग्राम पंचायतों में पंचायत सचिव सफाई कर्मियों के माध्यम से हर रोज साफ सफाई सैनिटाइजेशन कार्य किया जा रहा है। थानाभवन के ग्राम पुरमाफी में थानाभवन चीनी मिल के द्वारा सैनिटाइजेशन का कार्य किया गया। शुगर मिल के द्वारा भी सैनिटाइजेशन का कार्य किया गया है। परियोजना निदेशक ज्ञानेश्वर तिवारी द्वारा विकासखंड ऊन की ग्राम पंचायत पेलखा व मालेंडी में ग्राम प्रधान एवं ग्राम वासियों से सफाई व सैनिटाइजेशन एवं निगरानी समिति के कार्यों की जानकारी की।