शामली के एमएसके रोड पर गन्ने के वाहनों की लगी लाइन।
- फोटो : SHAMLI
शामली। शामली चीनी मिल में दो दिन पहले तकनीकी खराबी के कारण 20 घंटे मिल बंद रहने का असर शनिवार को भी दिखाई दिया। गन्ने से लदे वाहनों की लंबी लाइनें लगी रहीं। गर्मी में किसान बेहाल रहे और बाजारों में सामान खरीदने आए लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
शामली चीनी मिल के बॉयलर में अचानक तकनीकी खराबी की वजह से मिल बृहस्पतिवार दो बजे बंद हो गई थी। बीच में एक घंटे को छोड़कर 20 घंटे तक मिल लगातार बंद रही। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे मरम्मत के बाद मिल चालू हुई थी। मिल बंद रहने से दिनभर गन्ने से लदे वाहनों की लाइन लगी रही थी। शनिवार को भी मिल में किसानों का गन्ना लेकर पहुंचने का सिलसिला चलता रहा। मिल रोड, अस्पताल रोड से लेकर मेन सड़क तक वाहनों की लंबी लाइनें लगी रही। सुबह सात बजे से दोपहर 12 बजे तक लॉकडाउन में बाजार खुलने की छूट दी गई है। इस दौरान बाजार में सामान खरीदने वालों की भी सड़कों पर आवाजाही होने से परेशानी का सामना करना पड़ा। मिल अधिकारियों का कहना है कि गन्ने का इंडेंट दो दिन पहले जारी होता है। 21 मई को दो दिन बाद का 23 मई के लिए इंडेंट जारी किया गया था। उसके बाद मिल में खराबी आ गई थी। इस कारण गन्ना वाहनों की लाइन लगी है। सीनियर केन मैनेजर दीपक राणा ने बताया कि शनिवार रात तक स्थिति सामान्य हो जाएगी।
शामली के हनुमान रोड पर गन्ने के वाहनों से लगी लाइन से होकर गुजरते बाइक ।चालक।- फोटो : SHAMLI