ऊन/शामली । अवैध रूप से खरीदकर ऊन शुगर मिल में ले जाए जा रहे गन्ना लदी ट्रैक्टर ट्राली किसानों ने पकड़ लिया और जमकर हंगामा किया। मामले में शुगर मिल अधिकारियों तथा पकड़े गए ट्रैक्टर चालक के खिलाफ ऊन चौकी पर तहरीर दी गई है।
ऊन शुगर मिल प्रबंधन पर पूर्व में भी किसानों ने अवैध रूप से गन्ना खरीदने का आरोप लगाया था। किसानों का कहना था कि आवंटित क्षेत्र से गन्ना खरीदने की बजाय दूसरी जगहों से गन्ना खरीदकर मिल में लाया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के किसानों को नुकसान हो रहा है। गन्ना विभाग के अफसरों से भी शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
इसी के चलते सोमवार को किसानों ने ऊन बाइपास मार्ग पर गन्ना समिति चेयरमैन कटार सिंह और गन्ना विकास परिषद के चेयरमैन दिनेश गोयल के साथ मिलकर अवैध रूप से खरीदकर लाये जा रहे गन्ने से लदी ट्रैक्टर ट्राली को पकड़ लिया। इस बीच ऊन चेयरमैन प्रतिनिधि अशोक कुमार और जिला पंचायत सदस्य सुनील चौधरी सहित सैकड़ों किसान मौके पर पहुंच गये।
डीसीओ अनिल कुमार भारती को मौके पर बुलाने की मांग पर किसानों ने प्रदर्शन किया, लेकिन डीसीओ अनिल कुमार भारती मौके पर नहीं पहुंचे । इस पर किसानों ने हंगामा कर दिया। बाद में मौके पर पहुंचे गन्ना समिति केे सचिव एके गुप्ता और ज्येष्ठ गन्ना निरीक्षक विवेक चौधरी ने ट्रैक्टर चालक से पूछताछ की। चालक ने बताया कि उक्त गन्ना वह झिंझाना क्षेत्र से लाया है, जबकि उसके पास मिली पर्ची पर ढिंढाली गांव क्रय केंद्र का उल्लेख था। वहीं, उसकी पर्ची पर अंकित क्रम संख्या भी रिकार्ड में नहीं मिली।
इस कारण अवैध रूप से गन्ना खरीद के आरोप में ऊन मिल के अध्यासी रणवीर प्रताप, महाप्रबंधक जीएस खेरा, डिप्टी केन मैनेजर धर्मवीर तथा ट्रैक्टर चालक तारीक पुत्र वाजिद निवासी तुरमत खेड़ी जिला सहारनपुर के खिलाफ ऊन चौकी में तहरीर दी गई। इस दौरान किसान रवि सरोही, अनिल, मनोज, बालिष्टर, मुकेश आदि मौजूद रहे।