शामली। गन्ना आयुक्त डाक्टर विपिन द्विवेदी ने जिले की शुगर मिलों को गन्ना क्रय केंद्रों का आवंटन कर दिया है। शामली स्थित अपर दोआब शुगर मिल को 45, ऊन शुगर मिल को 65 और थानाभवन शुगर मिल को 70 गन्ना क्रय केंद्र आवंटित हुए हैं।
खास बात यह है कि किसान ऊन शुगर मिल के समस्त गन्ना क्रय केंद्रों को हटाकर दूसरी चीनी मिलों को दिलाने की मांग कर रहे थे, लेकिन गन्ना आयुक्त ने ऊन चीनी मिल के सिर्फ 10 केंद्र ही दूसरी मिलों को दिए गए हैं। वहीं, ऊन चीनी मिल को बागपत जिले के आठ केंद्र भी मिल गए हैं।
बुधवार को जिला गन्ना अधिकारी अनिल कुमार भारती ने बताया कि गन्ना आयुक्त डाक्टर विपिन द्विवेदी ने चीनी मिलों को गन्ना क्रय केंद्रों का निर्धारण कर दिया है। उन्होंने बताया कि ऊन शुगर मिल के 10 केंद्र हटाकर दूसरी चीनी मिलों को दिए गए हैं, जिनमें शामली शुगर मिल को छह और शेरमऊ चीनी मिल को चार क्रय केंद्र आवंटित किए गए हैं।
वहीं, शामली शुगर मिल को इस बार 14 क्रय केंद्र मिले हैं। जिनमें खाईखेडी से एक, खतौली एक, ऊन छह के अलावा एक नया क्रय केंद्र मिला है। इनमें सिलावर, ताना, पीरखेडा, गोगवान, भूरा ए, बी और डी, तितरवाडा, ऊंचा गांव, हुरमजपुर, ख्वासपुर तथा झाड़खेड़ी शामिल हैं। थानाभवन चीनी मिल को ऊन चीनी मिल का कोई गन्ना क्रय केंद्र आवंटित नहीं किया गया है। इसके अलावा तितावी चीनी मिल के गन्ना ख्ररीद केंद्रों में कोई फेरबदल नहीं किया गया है।