शामली। डीएम ने कहा कि जिला मुख्यालय एवं जनपद के अन्य विकास कार्यों के निर्माण में गुणवत्ता की जिम्मेदारी जेई की होगी। यदि निर्माण कार्य में घटिया सामग्री मिली, तो कड़ी कार्रवाई होगी।
मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में डीएम की अध्यक्षता में विकास कार्यों की समीक्षा हुई। उन्होंने जिला मुख्यालय पर बन रहे कलक्ट्रेट, विकास भवन, जिला अस्पताल, बनत में तहसील आवासीय निर्माण, सीएचसी कुड़ाना व ऊन बीएसए कार्यालय, निर्वाचन स्टाक रूम आदि निर्माण कार्यों की समीक्षा की।
कहा कि निर्माण कार्य तुरंत शुरू कराए जाएं। कार्यालय व भवनों के निर्माण कार्य में ईंट सीमेंट, अन्य सामग्री की गुणवत्ता पर ध्यान रखा जाए। निर्देश दिए कि कार्यालयों, आवासों में दरवाजे व खिड़कियां गुणवत्ता की हों। डीएम ने लोनिवि के अधीक्षण अभियंता को निर्देश दिए कि मेरठ करनाल मार्ग सहित बन रही सड़कों का निर्माण जेई की देखरेख में कराएं। निर्माण कार्य में कोई लापरवाही या घटिया सामग्री की शिकायत मिली, तो जेई व ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
मौके पर सीडीओ वीके सिंह, डीपीआरओ सतीश कुमार, डीआईओएस एसएन सिद्दीकी, बीएसए चंद्रशेखर, लोनिवि के अधीक्षण अभियंता एसपी सिंह, उप कृषि निदेशक हरेंद्र उपाध्याय, श्रम उपायुक्त घनश्याम आदि रहे।