शामली। शराब और नशे की लत वैवाहिक संबंधों में तनाव और टूटने का प्रमुख कारण बनती जा रही है। वन स्टॉप सेंटर में पहुंच रहे मामलों में बड़ी संख्या ऐसे दंपतियों की है, जहां पति की शराब की आदत के चलते रिश्ते संकट में हैं। पिछले दो महीनों में वन स्टॉप सेंटर में करीब 22 ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनमें महिलाओं ने अपने पतियों की शराब और नशे की लत के कारण साथ रहने से इनकार किया है। कई मामलों में मारपीट और प्रताड़ना की शिकायतें भी दर्ज कराई गई हैं। अधिकारियों द्वारा दोनों पक्षों को समझाकर विवादों को सुलझाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
केस-1
शहर क्षेत्र के कांधला रोड निवासी एक विवाहिता ने 1 जून को वन स्टॉप सेंटर में शिकायत दी। उसका कहना है कि चार माह पूर्व उसकी शादी हुई थी, लेकिन शादी के बाद से ही पति शराब का सेवन करता है और विरोध करने पर मारपीट करता है। मामले में काउंसलिंग जारी है।
केस-2
खेड़ी क्षेत्र की एक महिला ने 15 जून को शिकायत दर्ज कराई कि उसकी शादी बागपत जनपद के मवीकलां निवासी युवक से चार वर्ष पूर्व हुई थी। आरोप है कि पति आए दिन शराब पीकर घर आता है और विरोध करने पर मारपीट करता है। महिला ने कार्रवाई की मांग की है।
केस-3
ऊन क्षेत्र की एक विवाहिता ने 12 जून को शिकायत दी कि उसकी शादी कांधला क्षेत्र के युवक से तीन वर्ष पूर्व हुई थी। आरोप है कि पति नशे का आदी है और विरोध करने पर मारपीट करता है तथा अब उसे तलाक की धमकी दे रहा है।
संयुक्त परिवारों का विघटन है प्रमुख कारण
वन स्टॉप सेंटर प्रभारी गजाला त्यागी ने बताया कि अधिकतर मामलों में विवाद की जड़ शराब और नशा है। उन्होंने कहा कि संयुक्त परिवारों के टूटने के बाद ऐसे मामलों में वृद्धि देखी जा रही है, क्योंकि अलग रहने की स्थिति में निगरानी और रोक-टोक कम हो जाती है। उन्होंने अपील की कि काउंसलिंग के माध्यम से ऐसे विवादों को सुलझाने का प्रयास किया जाना चाहिए, ताकि परिवार टूटने से बच सकें।